Feed aggregator

Bihar Politics: 'नायक नहीं खलनायक हूं मैं', राष्ट्रगान विवाद के बीच RJD का पोस्टर वार; CM नीतीश पर बोला हमला

Dainik Jagran - March 22, 2025 - 11:27am

एएनआई, पटना। इन दिनों सीएम नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे राष्ट्रगान के दौरान हंसते और लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आ रहे हैं। सीएम का वीडियो सामने आने के बाद से विपक्ष उन पर हमलावर हैं।

शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मामले में प्रदर्शन करते हुए सीएम नीतीश से माफी मांगने की मांग की। वहीं अब पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है।

राबड़ी देवी के आवास के बाहर लगा पोस्टर

राबड़ी देवी के आवास के बाहर लगे इस पोस्टर में लिखा है 'नायक नहीं खलनायक हूं मैं', इसके साथ ही पोस्टर में उन पर महिलाओं का अपमान करने, महात्मा गांधी का अपमान करने और राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया गया है।

खेल समारोह के उद्घाटन में राष्ट्रगान के अपमान का आरोप

दरअसल, गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार पटना में एक खेल समारोह के उद्घाटन में शामिल हुए। इस दौरान सभी लोग राष्ट्रगान के लिए खड़े थे, तभी सीएम अपने पास में खड़ अधिकारी से बात करने की कोशिश करते नजर आए। यही नहीं राष्ट्रगान के दौरान ही उन्होंने लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया।

तेजस्वी यादव ने कसा तंज

कम से कम कृपया राष्ट्र गान का तो अपमान मत करिए मा॰ मुख्यमंत्री जी।

युवा, छात्र, महिला और बुजुर्गों को तो आप प्रतिदिन अपमानित करते ही है।

कभी महात्मा गांधी जी के शहादत दिवस पर ताली बजा उनकी शहादत का मखौल उड़ाते है तो कभी राष्ट्रगान का!

PS: आपको याद दिला दें कि आप एक बड़े प्रदेश… pic.twitter.com/rFDXcGxRdV

— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) March 20, 2025

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीतीश कुमार के कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया और पोस्ट किया कि 'कम से कम कृपया राष्ट्रगान का तो अपमान मत करिए।

युवा, छात्र, महिला और बुजुर्गों को तो आप प्रतिदिन अपमानित करते ही है। कभी महात्मा गांधी जी के शहादत दिवस पर ताली बजा उनकी शहादत का मखौल उड़ाते है तो कभी राष्ट्रगान का!

PS: आपको याद दिला दें कि आप एक बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री है। चंद सेकंड के लिए भी आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्थिर नहीं है और आपका इस तरह अचेत अवस्था में इस पद पर बने रहना प्रदेश के लिए अति चिंताजनक बात है। बिहार को बार-बार यूं अपमानित मत कीजिए।'

राबड़ी देवी ने की बेटे को सीएम बनाने की मांग

राष्ट्रगान के अपमान के मुद्दे पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार की दिमागी हालत सही नहीं है और ऐसे में उन्हें गद्दी छोड़ देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार को अपने बेटे निशांत या फिर किसी और को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए।

ये भी पढ़ें

राबड़ी देवी ने किसे CM बनाने को कहा? तेजस्वी की जगह लिया 'दूसरे' का नाम; कहा- नीतीश अब ठीक नहीं

'राष्ट्रगान का अपमान बर्दाश्त नहीं, केस दर्ज हो', CM नीतीश कुमार पर भड़के तेजस्वी यादव; बिहार विधानसभा में भारी हंगामा

Categories: Bihar News

Bengaluru: दो दिन पहले होटल में ज्वाइन की नौकरी, आधार कार्ड नहीं देने पर हुआ संदेह; फिर बैग से मिला हैंड ग्रेनेड

Dainik Jagran - National - March 22, 2025 - 11:23am

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक के बेंगलुरु में एक होटल सप्लायर के बैग से हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद होटल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। 23 वर्षीय होटल सप्लायर अब्दुल रहमान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। होटल कर्मचारियों ने बैग में ग्रेनेड मिलने की सूचना पुलिस को दी थी।

शक होने पर बैग चेक करने पर मिला ग्रेनेड

बेल्लाहल्ली निवासी रहमान ने हाल ही में होटल में काम करना शुरू किया था। पुलिस ने बताया कि जब कर्मचारियों ने सिक्योरिटी उपाय के तौर पर उसका आधार कार्ड मांगा तो दो दिन बीत जाने के बाद भी उसने अपना अधारा कार्ड नहीं दिया।

पुलिस ने बताया कि संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने उसके बैग की जांच की तो उसमें से एक ग्रेनेड मिला। संपिगेहल्ली पुलिस ने ग्रेनेड की पुष्टि की और पूछताछ के लिए अब्दुल रहमान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर ये दावा किया कि उसे सड़क पर ग्रेनेड मिला था और उसने उसे अपने बैग में रख लिया था।

रहमान का दावा- सड़क पर मिला ग्रेनेड

संपीगेहल्ली के पुलिस निरीक्षक चंद्र शेखर ने एचटी को बताया, "हमने उसे विस्फोटक अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। बुधवार से उसने होटल में काम करना शुरू किया था, इससे पहले वो एक बढ़ई के सहायक के रूप में काम करता था। रहमान ने दावा किया है कि टहलते समय उसे सड़क पर ग्रेनेड मिला था और उसने अपने बैग में रख लिया। हम आगे की जांच कर रहे हैं।"

पूर्वी डिवीजन के संयुक्त पुलिस आयुक्त रमेश बनोथ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए विस्फोटक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, "बरामद किया गया हथगोला टेनिस बॉल की तरह दिखता है और उसमें दो फ्यूज लगे हुए थे। हथगोले को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया है और रासायनिक नमूनों को जांच के लिए फोरेंसिक लेबोरेटरी भेजा गया है।"

आज कर्नाटक क्यों है बंद? क्या खुला रहेगा और किन-किन चीजों पर पड़ेगा असर; जानें पूरी डिटेल

Categories: Hindi News, National News

'मेरी जांघों को पकड़ा और गर्दन पर...', NIT सिलचर के प्रोफेसर की गंदी करतूत; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Dainik Jagran - National - March 22, 2025 - 10:46am

पीटीआई, सिलचर। असम के सिलचर में स्थित एनआईटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को पुलिस ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कोटेश्वर राजू धेनुकोंडा पर एक छात्रा ने आरोप लगाया कि उसने उसका उत्पीड़न किया है।

कछार पुलिस अधीक्षत नुमल महत्ता ने बताया, डॉ. कोटेश्वर राजू धेनुकोंडा को NIT ने सस्पेंड कर दिया है। पीड़िता और उसके परिवार द्वारा दर्ज कराई गई अलग-अलग शिकायतों के आधार पर आरोपी को संस्थान के परिसर से गिरफ्तार किया गया है।

छात्रा का क्या है आरोप?

  • एनआईटी के बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
  • कार्रवाई की मांग करते हुए छात्रा ने रातभर प्रदर्शन भी किया था।
  • पीड़िता के मुताबिक, प्रोफेसर ने उसे अपने चैंबर में बुलाकर कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया।
  • पीड़िता के मुताबिक, प्रोफेसर ने उसके कम ग्रेड पर चर्चा करने के लिए अपने चैंबर में बुलाया और अनुचित तरीके से उसे छुआ।

पीड़िता की चिट्ठी हुई वायरल

वायरल चिट्ठी में पीड़िता ने प्रोफेसर पर आरोप लगाते हुए कहा, "प्रोफेसर ने मुझे अपने पास बैठने को कहा और पूछा कि कम ग्रेड क्यों मिलते हैं। उसने मेरे हाथ को पकड़ना शुरू किया और उंगलियां छूने लगा। फिर प्रोफेसर ने धीरे-धीरे मेरी जांघों को पकड़ लिया। उसने मेरे सामने अपने कम्प्यूटर पर अश्लील गाने बजाना भी शुरू कर दिया।"

पीड़िता ने चिट्ठी में आगे बताया, "प्रोफेसर ने मेरे पेट को छुआ और उसे सहलाया। मैं रोने लगी लेकिन वह नहीं रुका। उसने मुझे सहज होने और अपने पैर ठीक से फैलाने को कहा। इसके बाद उसने पीछे से मेरी गर्दन पकड़ ली।"

आरोपी हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में आरोपी ने खुद को छिपाने की कोशिश की। उसने अपने क्वार्टर का दरवाजा बाहर से बंद कर लिया, लेकिन मोबाइल लोकेशन से पता लगाकर शुक्रवार शाम को उसे हिरासत में लिया गया। उसके बाद भारतीय न्याय संहिता के अलग-अलग प्रावधानों के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

रजिस्ट्रार ने क्या कहा?

रजिस्ट्रार अशिम रॉय ने कहा कि जिस चैंबर में पीड़िता के साथ कथित घटना घटी है उसे सील कर दिया गया है। पीड़िता को सभी जरूरी हेल्प दी जा रही है, ताकि वह सुरक्षित और सहज महसूस करे। मामले को जांच के लिए संस्थान की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को भेज दिया गया है।

World Water Day 2025: हर साल बाढ़ से जूझते असम के गांवों के लिए आशा की किरण बना मोबाइल वॉटर ट्रीटमेंट यूनिट

Categories: Hindi News, National News

'स्थानीय कानूनों का पालन करें', अमेरिका में भारतीय छात्रों पर हुई कार्रवाई, तो विदेश मंत्रालय ने दी सलाह

Dainik Jagran - National - March 22, 2025 - 10:46am

पीटीआई, नई दिल्ली। भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों को स्थानीय कानूनों का पालन करना चाहिए। हाल ही में हमास के समर्थन के आरोप में अमेरिका के जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में पढ़ रहे एक भारतीय छात्र बदर खान सूरी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कोलंबिया विश्वविद्यालय में पढ़ रही भारतीय छात्रा रंजनी श्रीनिवासन के वीजा रद कर दिया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों भारतीयों ने सहायता के लिए अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क नहीं किया।

अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग ने वॉशिंगटन डीसी स्थित जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के पोस्टडॉक्टरल फेलो बदर खान सूरी को सोमवार रात हिरासत में लिया। उन पर "हमास के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने" के आरोप लगे हैं। अमेरिकी संघीय न्यायाधीश ने सूरी के निर्वासन पर फिलहाल रोक लगा दी है।

आव्रजन नीति पर क्या बोला विदेश मंत्रालय?

विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया कि वीजा और आव्रजन नीतियों पर निर्णय लेना प्रत्येक देश का संप्रभु अधिकार है और वहां रह रहे सभी लोगों को इन कानूनों का पालन करना चाहिए।

 रणधीर जायसवाल ने कहा कि जब वीजा और आव्रजन नीति की बात आती है, तो यह संबंधित देश की नीति के अनुसार तय होता है। हम उम्मीद करते हैं कि जब विदेशी नागरिक भारत आते हैं, तो वे हमारे कानूनों का पालन करते हैं। इसी तरह, जब भारतीय नागरिक विदेश में होते हैं, तो उनसे भी यह अपेक्षा की जाती है कि वे वहां के स्थानीय नियमों और कानूनों का पालन करें।"

भारत डिपोर्ट किया जा सकता है सूरी

जानकारी के मुताबिक, सूरी को अमेरिका से डिपोर्ट किया जाएगा। बदर खान सूरी की पत्नी फलस्तीनी मूल की है।सूरी जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी का छात्र भी रह चुका है।

एक संदिग्ध आतंकी के साथ सूरी का था कनेक्शन

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि सूरी का एक संदिग्ध आतंकी से घनिष्ठ संबंध है, जो हमास का वरिष्ठ सलाहकार है। सूरी सक्रिय रूप से हमास का दुष्प्रचार करता है और इंटरनेट मीडिया पर यहूदी विरोधी भावना को बढ़ाता है। ये गतिविधियां निर्वासन योग्य हैं।

यह भी पढ़ेंTrump Action: हमास से संबंध रखने पर अमेरिका में भारतीय छात्र हिरासत में, जबरन भेजा जाएगा भारत

Categories: Hindi News, National News

Bihar Diwas 2025: वैश्विक मंच पर चमक रही बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, PM मोदी ने मॉरीशस में बढ़ाया मान

Dainik Jagran - March 22, 2025 - 10:14am

अमित रंजन, पटना। Bihar Diwas 2025: बिहार एक ऐसा राज्य जिसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जड़ें प्राचीन काल से लेकर आधुनिक युग तक फैली हुई हैं, आज अपनी पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर रहा है। बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर चमक रही है।

बिहार दिवस 2025 इस गौरवशाली यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो हमें अपनी समृद्ध विरासत का सम्मान करने और एक उन्नत, विकसित बिहार के सपने को साकार करने की प्रेरणा देता है।

मॉरीशस यात्रा पर पीएम मोदी ने गिफ्ट किया मखाना

बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को आज विश्व भर में सराहा जा रहा है। अभी हाल ही में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस यात्रा पर गए तो वहां के राष्ट्रपति को बिहार का प्रसिद्ध सुपरफूड मखाना उपहार स्वरूप भेंट किया।

यह कोई साधारण भेंट नहीं थी, बल्कि बिहार की पारंपरिक उपज को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का एक मजबूत संकेत था। मखाना को मिथिलांचल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उगाया जाता है। इसकी यह वैश्विक यात्रा बिहार के लिए गर्व का विषय है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित हुई बिहार की सांस्कृतिक विरासत

इसी तरह, वर्ष 2023 में भारत की मेजबानी में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन ने भी बिहार की शैक्षिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया।

इस सम्मेलन के स्वागत क्षेत्र में नालंदा विश्वविद्यालय की छवि को पृष्ठभूमि के रूप में चुना गया। नालंदा कभी विश्व का सबसे बड़ा शिक्षा केंद्र था। इस प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि बिहार की धरोहर आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।

विश्व नेताओं को पीएम ने गिफ्ट की मिथिला पेंटिंग

बिहार की मिथिला पेंटिंग भी वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विभिन्न विदेशी दौरों के दौरान विश्व नेताओं को मिथिला पेंटिंग भेंट कर इस पारंपरिक कला को बढ़ावा दिया है।

सिंगापुर यात्रा के दौरान उन्होंने इंडियन हेरिटेज सेंटर से रूपे कार्ड के जरिए मधुबनी पेंटिंग खरीदी। यह छोटा-सा कदम बिहार के कारीगरों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गया।

वित्त मंत्री ने पहनी मिथिला पेंटिंग से सजी साड़ी

इसके अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट पेश करते समय मिथिला पेंटिंग से सजी साड़ी पहनकर इस कला को देशभर में चर्चा का विषय बना दिया।

113 साल का गौरवशाली सफर

22 मार्च को बिहार अपनी स्थापना के 113 साल पूरे करेगा। वर्ष 1912 में बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग होकर बिहार एक स्वतंत्र प्रांत बना था। इन 113 वर्षों में बिहार ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को हमेशा संजोए रखा।

इस वर्ष बिहार दिवस की थीम 'वैश्विक मंच पर चमक रही बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर रखी गई है, जो राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हुए इसके सतत विकास और उज्ज्वल भविष्य पर केंद्रित है।

इस खास अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया है, जो 26 मार्च तक चलेगा। इस समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जो बिहार के विकासात्मक कार्यों, लोक-कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने पेश करेंगी।

ये प्रदर्शनियां न केवल बिहार की प्रगति की कहानी कहेंगी, बल्कि राज्य के नागरिकों को सरकार के प्रयासों से जोड़ने का माध्यम भी बनेंगी।

इसके अतिरिक्त, पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल और रवींद्र भवन में सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में लोक नृत्य, संगीत, नाटक और परिचर्चाएं शामिल होंगी, जो बिहार की सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित करेंगी।

बिहार नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार

बिहार दिवस केवल अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि भविष्य की नींव रखने का अवसर भी है। आज बिहार नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास इस दिशा में सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।

बिहार की युवा शक्ति और उसकी सांस्कृतिक धरोहर मिलकर इसे एक समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की क्षमता रखते हैं। यह उत्सव हर बिहारी के लिए गर्व का क्षण है और एक संकल्प भी कि हम अपनी विरासत को संजोते हुए प्रगति के पथ पर आगे बढ़ें। बिहार की नई पीढ़ी शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता में आगे बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें

Bihar Diwas: 113 साल का हुआ बिहार, गांधी मैदान में होगा शानदार कार्यक्रम, 3 फेमस सिंगर बिखेरेंगे जलवा

Begusarai News: 'अफवाह फैलाने वालों को मिला जवाब', मक्का अनुसंधान केंद्र को लेकर विपक्ष पर आगबबूला हुए गिरिराज सिंह

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar