Feed aggregator

असम और मिजोरम के तीन दिनों के दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, क्या है प्लान?

Dainik Jagran - National - March 15, 2025 - 7:51am

एएनआई, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अमस और मिजोरम के अपने तीन दिवसीय दौरे के लिए शुक्रवार को जोरहाट पहुंचे। जोरहाट हवाई अड्डे पर अमस के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ अमित शाह का जोरदार स्वागत किया।

क्या है अमित शाह का प्लान?

असम के सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "हम माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का असम की पवित्र भूमि पर जोरहाट हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।" जोरहाट पहुंचने के बाद गृह मंत्री गोलाघाट जिले के निकटवर्ती कस्बे डेरगांव के लिए रवाना हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि, शनिवार को अमित शाह पुलिस अकादमी का उद्घाटन करेंगे, जिसका पहला चरण 167.4 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो चुका है। पुलिस अकादमी के दूसरे चरण जिसकी लागत 425.48 करोड़ है, उसकी आधारशिला भी अमित शाह द्वारा रखी जाएगी। इसके बाद गृह मंत्री मिजोरम के लिए रवाना हो जाएंगे।

मिजोरम में किन-किन कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा?

मिजोरम में अमित शाह असम राइफल्स के प्रतिष्ठानों को आइजोल से राज्य की राजधानी से लगभग 15 किलोमीटर दूर जोखावसांग में स्थानांतरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि अमित शाह शनिवार शाम गुवाहाटी लौट जाएंगे और कोइनाधोरा क्षेत्र में राज्य अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

रविवार सुबह को अमित शाह ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन (एबीएसयू) के 57वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए कोकराझार जिले के दोतमा के लिए रवाना होंगे। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री, बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के प्रमुख प्रमोद बोरो, वरिष्ठ मंत्री, सांसद और प्रमुख हितधारक मौजूद रहेंगे।

Categories: Hindi News, National News

Bihar Weather Today: बिहार में होली के जश्न में खलल डाल सकती है बारिश, इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

Dainik Jagran - March 15, 2025 - 7:38am

डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Weather Today: प्रदेश में तेज पछुआ हवा चलने के साथ अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है। होली के दिन प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि की संभावना है। हालांकि, तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। आज प्रदेश का मौसम सामान्य बना रहेगा।

आज के मौसम का हाल

प्रदेश में आज होली का त्योहार मनाया जा रहा है। आज प्रदेश का अधिकतम तापमान 32-36 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम 18-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलेंगी।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर मध्य व उत्तर पूर्व भागों में सतही हवा की गति 8-10 किमी प्रतिघंटा और झोंके के साथ 15-25 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। वहीं, राजधानी पटना समेत दक्षिण व उत्तर पश्चिम भाग में सतही हवा की गति 10-12 किमी प्रतिघंटा व झोंके के साथ 15-30 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है।

14 मार्च को शेखपुरा रहा सबसे गर्म

14 मार्च को प्रदेश के शेखपुरा में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। शेखपुरा का अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम तापमान बांका में दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में और इजाफा होने के आसार हैं।

राजधानी पटना सहित कई शहरों के तापमान में इजाफा

राजधानी पटना सहित प्रदेश के ज्यादातर शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

वहीं, पटना के अलावा भोजपुर, पटना, गया, रोहतास, नालंदा और नवादा जिलों के तापमान में भी इजाफा हुआ।

इन जिलों में बूंदाबांदी के आसार

डॉ.राजेन्द्र प्रसाद की ओर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। उनके अनुसार, गोपालगंज एंव पश्चिमी चंपारण जिले में 15-16 मार्च के आसपास हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

डॉ.राजेन्द्र प्रसाद, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा

बिहार में अगले 5 दिनों के मौसम का हाल

अगले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल आ सकते हैं। इस दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।

वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पक्षुआ हवा चलेगी।

ये भी पढ़ें

Weather: होली के बाद दिल्ली NCR का बदला मौसम, कश्मीर में बर्फबारी जारी; राजस्थान में आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट

Bihar Weather Today: होली पर रंग बदलेगा बिहार का मौसम, सताएगी भीषण गर्मी; इन जिलों में बारिश का भी अलर्ट

Categories: Bihar News

Hindi Row: 'वित्तीय लाभ के लिए हिंदी में डब क्यों करवाते हैं तमिल फिल्म', पवन कल्याण बोले- तमिलनाडु के नेता करते हैं पाखंड

Dainik Jagran - National - March 15, 2025 - 7:37am

एएनआई, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश)।  पवन कल्याण ने तमिलनाडु के नेताओं पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अपनी जनसेना पार्टी के 12वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर कहा कि तमिलनाडु के नेता हिंदी का विरोध करते हैं, लेकिन वित्तीय लाभ के लिए तमिल फिल्मों को हिंदी में डब करने की अनुमति देते हैं।

केंद्र सरकार और तमिलनाडु के बीच चल रहे भाषा विवाद के बीच जनसेना पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शुक्रवार को कहा कि भारत को सिर्फ दो नहीं, तमिल समेत अनेक भाषाओं की जरूरत है। उन्होंने भारत की भाषाई विविधता को संरक्षित करने की जरूरत पर जोर दिया।

हमें भाषाई विविधता को अपनाना चाहिए- पवन

काकीनाडा जिले में एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवन कल्याण ने कहा कि भारत को दो नहीं, तमिल समेत अनेक भाषाओं की जरूरत है। हमें भाषाई विविधता को अपनाना चाहिए, न सिर्फ अपने देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए बल्कि अपने लोगों के बीच प्रेम और एकता को बढ़ावा देने के लिए भी।

जनसेना पार्टी के 12वें स्थापना दिवस समारोह में बोले पवन कल्याण

कल्याण जिले के पीथापुरम शहर में जनसेना पार्टी के 12वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। पवन कल्याण की यह टिप्पणी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन द्वारा केंद्र सरकार पर 'हिंदी थोपने' और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के त्रि-भाषा फॉर्मूले को लागू करने से इनकार करने के आरोपों के बीच आई है।

वित्तीय लाभ के लिए तमिल फिल्मों को हिंदी में डब करने की अनुमति क्यों

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पर सीधे नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कल्याण ने तमिलनाडु के राजनेताओं पर पाखंड का आरोप लगाया और कहा कि वे हिंदी का विरोध करते हैं, लेकिन वित्तीय लाभ के लिए तमिल फिल्मों को हिंदी में डब करने की अनुमति देते हैं।

तमिलनाडु के राजनेता हिंदी का विरोध क्यों करते हैं- पवन कल्याण

पवन कल्याण ने सवाल पूछा कि मुझे समझ में नहीं आता कि कुछ लोग संस्कृत की आलोचना क्यों करते हैं। तमिलनाडु के राजनेता हिंदी का विरोध क्यों करते हैं, जबकि वित्तीय लाभ के लिए अपनी फिल्मों को हिंदी में डब करने की अनुमति देते हैं? वे बॉलीवुड से पैसा चाहते हैं, लेकिन हिंदी को स्वीकार करने से इनकार करते हैं - यह किस तरह का तर्क है?

Categories: Hindi News, National News

Telangana: 21 दिनों से सुरंग में फंसे मजदूर...कब तक बाहर निकलेंगे? बचाव अभियान में तेजी लाने को रोबोट कर रहे काम

Dainik Jagran - National - March 15, 2025 - 7:02am

 पीटीआई, नागरकुरनूल। तेलंगाना में 21 दिन बाद भी एसएलबीसी सुरंग के अंदर फंसे सात लोगों की तलाश जारी है। लोगों की तलाश के लिए विशेष मशीनरी से लैस एक 'स्वायत्त हाइड्रोलिक संचालित रोबोट' तैनात किया गया है। उम्मीद है जल्द ही उनको बाहर निकाल लिया जाएगा।

मैनुअल खुदाई के बजाय रोबोट को काम पर लगाया

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उपकरणों में 30 एचपी क्षमता वाला लिक्विड रिंग वैक्यूम पंप और एक वैक्यूम टैंक मशीन शामिल है, जो सुरंग के अंदर मिट्टी को तेजी से हटाने और अन्य कार्यों में सहायक है। मिट्टी को तेजी से हटाने के लिए मैनुअल खुदाई के बजाय, स्वायत्त हाइड्रोलिक-संचालित रोबोट का उपयोग किया जा रहा है।

कई बड़े अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी

बयान के मुताबिक, कन्वेयर बेल्ट का उपयोग करके एक घंटे में लगभग 620 क्यूबिक मीटर मिट्टी और मलबे को सुरंग से बाहर निकाला जा सकता है। नवीनतम तकनीक वाली मशीनों के उपयोग से ऑपरेशन को कुशलतापूर्वक करने में मदद मिलेगी। राज्य के विशेष मुख्य सचिव (आपदा प्रबंधन) अरविंद कुमार खोज अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

इससे पहले दिन में, अभियान में शामिल विभिन्न संस्थानों के कर्मी आवश्यक उपकरण लेकर सुरंग के अंदर गए। सरकारी खनन कंपनी ‘सिंगरेनी कोलियरीज’ के बचावकर्मी, लापता व्यक्तियों की खोज के लिए खनिकों के साथ मिलकर स्थानों पर खुदाई कर रहे हैं।

सुरंग के अंदर पानी और कीचड़ की चुनौती

तेलंगाना सरकार ने बचावकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रोबोट तैनात करने का निर्णय लिया है। सुरंग के अंदर पानी और कीचड़ सहित चुनौतीपूर्ण स्थितियों के कारण काफी जोखिम रहता है। बचाव कर्मियों ने कुत्तों द्वारा बताए गए स्थानों पर खोदाई की। केरल पुलिस के बेल्जियन मेलिनोइस नस्ल के कुत्ते 15 फुट की गहराई तक गंध पहचानने में सक्षम हैं।

एक व्यक्ति का शव बरामद

सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एचआरडीडी (मानव अवशेष खोजी कुत्ते, सरकारी खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज, हैदराबाद स्थित रोबोटिक्स कंपनी और अन्य) की टीमें इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं। टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) ऑपरेटर के तौर पर काम करने वाले गुरप्रीत सिंह का शव 9 मार्च को बरामद किया गया था। शव को पंजाब में उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।

सात लोग अभी फंसे

गुरप्रीत सिंह के अलावा, सात अन्य लोग अभी भी फंसे हुए हैं जिनमें मनोज कुमार (उत्तर प्रदेश), सनी सिंह (जम्मू और कश्मीर), गुरप्रीत सिंह (पंजाब) और संदीप साहू, जेगता जेस और अनुज साहू शामिल हैं, जो सभी झारखंड के हैं। 22 फरवरी को एसएलबीसी परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद आठ लोग - जिनमें इंजीनियर और मजदूर शामिल हैं, वे सभी फंस गए थे।

यह भी पढ़ें- खोजी कुत्तों के बाद सुरंग के अंदर भेजे गए रोबोट, 16 दिन से फंसे हैं कई मजदूर; अब तक क्या हुआ?

Categories: Hindi News, National News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar