Feed aggregator

Bihar Weather Today: बिहार में आज शाम से दिखेगा बारिश का रौद्र रूप, 13 जिलों में तेज आंधी-बिजली का अलर्ट

Dainik Jagran - April 26, 2025 - 7:31am

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: बिहार में मौसम के तल्ख रुख ने घर से निकलना मु​​श्किल कर दिया है। शुक्रवार को सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते प्रचंड गर्मी। हालांकि, शनिवार को दिनभर लू चलने के बाद शाम को आंधी-वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 26 से 30 अप्रैल तक मौसम का रंग बदला रहेगा।

प्रदेश के अधिसंख्य भागों में गरज-तड़क के साथ भारी वर्षा लोगों के लिए आफत बन सकती है। इस दौरान 10-50 मिमी वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 60-70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने के साथ वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।

बिहार के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश-तेज आंधी का अलर्ट

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी भागों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, सहरसा, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया एवं किशनगंज जिले में झोंके के साथ तेज हवा चलने व वज्रपात व मेघ गर्जन को लेकर औरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।

27 अप्रैल को पटना सहित प्रदेश में वज्रपात, मेघ गर्जन व आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी चंपारण, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज में ओला गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम में बदलाव आते ही इसका सीधा प्रभाव आम-जन जीवन के साथ खेती किसानी पर पड़ने की संभावना है। वज्रपात को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। आंधी, वज्रपात या भारी वर्षा से खड़ी फसलों और फलदार वृक्षों को नुकसान होने के आसार हैं। 

जयपुर से अधिक गया व डेहरी का तापमान

शुक्रवार को राजस्थान के जयपुर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का अधिकतम तापमान 41.6 तो गया व डेहरी में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मोतिहारी में भीषण लू का प्रभाव बना रहा।

आज दिन में इन जिलों में चलेगी लू वाली हवा

पटना सहित, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जहानाबाद, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई एवं बांका में आज गर्म दिन रहने की संभावना है। इसके बाद शाम से मौसम में बदलाव के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

शुक्रवार को बक्सर, पूसा, सुपौल, फारबिसगंज, अररिया एवं मोतिहारी को छोड़ कर शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 

Categories: Bihar News

Weather: तीन दिनों तक सताएगी हीट वेव, दिल्ली-यूपी में बढ़ेगा तापमान; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Dainik Jagran - National - April 26, 2025 - 5:40am

 जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर भारत के लगभग आधे हिस्से में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में वृद्धि के आसार हैं। आइएमडी ने इन क्षेत्रों के लिए हिट वेव की चेतावनी जारी की है। 30 अप्रैल को पंजाब एवं हरियाणा में कई स्थानों पर आंधी-पानी का अनुमान है।

इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि दिल्ली का तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। दो दिन बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं बिहार-झारखंड के कुछ स्थानों पर मानसून पूर्व वर्षा से थोड़ी राहत मिल सकती है।

तापमान में पिछले दो दिनों से लगातार वृद्धि

जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर आए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव ज्यादा नहीं है। वह आगे की ओर खिसक रहा है और इसी दौरान पाकिस्तान के बलूचिस्तान से गर्म हवाओं का संचरण पश्चिमी भारत की ओर हो रहा है, जिससे एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई स्थानों के तापमान में पिछले दो दिनों से लगातार वृद्धि हो रही है।

आइएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 29 अप्रैल तक और पूर्वी एवं मध्य भारत में 26 अप्रैल तक हीटवेव (लू) की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि दिल्ली के तापमान में 27 अप्रैल के बाद ज्यादा वृद्धि नहीं होगी।

30 अप्रैल को पंजाब एवं हरियाणा में कई स्थानों पर आंधी-पानी का अनुमान है। इसके प्रभाव से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई स्थानों के तापमान में गिरावट आएगी। किंतु इसके पहले पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना

इस बीच बिहार, झारखंड, बंगाल एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों में प्री मानसून बारिश के चलते तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट का अनुमान है। पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी और मध्य भारत में 26 से 29 अप्रैल तक बारिश, तूफान, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।

केरल तथा तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश की संभावना

पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। 26 एवं 27 अप्रैल को उत्तर प्रदेश, उत्तर पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, बंगाल एवं छत्तीसगढ़ के साथ-साथ आंध्र प्रदेश दक्षिणी कर्नाटक, केरल तथा तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश के साथ बिजली की गरज और चमक तथा तेज हवाएं चल सकती हैं।

Categories: Hindi News, National News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar