Dainik Jagran

Subscribe to Dainik Jagran feed Dainik Jagran
Jagran.com Hindi News
Updated: 1 hour 11 min ago

Bihar Politics: इधर कांग्रेस विधायक प्रचार में थे व्यस्त, बेटा कई नेताओं के साथ BJP में हो गया शामिल; सियासत तेज

May 16, 2024 - 12:39pm

 राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics in Hindi: कांग्रेस को झटका देते हुए गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं महाराजगंज के विधायक विजय शंकर दुबे के बेटे सत्यम दुबे भाजपा में सम्मिलित हो गए। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भव्य मिलन समारोह में सत्यम के साथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता असीत नाथ तिवारी ने भी भाजपा ज्वॉइन कर ली।

टिकट कटने से नाराज थे असीत नाथ तिवारी

असीत नाथ तिवारी पश्चिम चंपारण जिले से कांग्रेस में टिकट के दावेदार थे। कांग्रेस में सीटों की घोषणा के साथ असीत नाथ तिवारी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसी तरह महाराजगंज संसदीय सीट से विजय शंकर दुबे कांग्रेस की टिकट के दावेदार थे। कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश सिंह के बेटे आकाश सिंह को महाराजगंज से प्रत्याशी बनाया है। इस वजह से सत्यम खफा थे।

सत्यम दुबे ने दर्जनों कांग्रेस नेताओं के साथ छोड़ी पार्टी

ऐसे में सत्यम ने दर्जनों कांग्रेस नेताओं के साथ पार्टी छोड़ी हैं। सत्यम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

माना जा रहा है कि महाराजगंज सत्यम के कांग्रेस छोड़ने से भाजपा के प्रत्याशी एवं तीन बार के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को लाभ होगा। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने भी कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। सप्ताह भर अंदर कांग्रेस के दो प्रवक्ता ने पार्टी छोड दी।

ये भी पढ़ें

Manish Kashyap: मनीष कश्यप को गालियां दे रही थी भोजपुरी गायक, फिर हथियार भी दिखाया; अब पुलिस ने लिया ये एक्शन

Bihar Politics: अनंत सिंह को छोटे सरकार क्यों कहा जाता है? ललन सिंह ने खोल दिया राज; याद दिलाई पुरानी बात

Categories: Bihar News

Sushil Modi: सुशील मोदी वह काम कर गए जिसे किसी नेता ने अभी तक नहीं किया, चारों तरफ हो रही जमकर तारीफ

May 16, 2024 - 12:14pm

 राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Political News Today: राजनीति के साथ समाज सेवा विशेषकर जरूरतमंदों की मदद के मामले में सुशील कुमार मोदी (Sushil Modi) अद्वितीय थे। यह कहना है दधीचि देहदान समिति के महासचिव पद्मश्री विमल जैन का। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी की जागरुकता से प्रेरित होकर 16 लोगों के स्वजन ने देहदान किया।

सुशील मोदी ने लोगों को अंगदान के लिए फैलाई थी जागरुकता

वहीं, 1300 से ज्यादा लोगों के स्वजन ने सुशील मोदी की अपील से प्रेरित होकर आंख (कार्निया) दान कर 1250 लोगों के जीवन में रंग भरने (रोशनी देने) की पहल की। सुशील मोदी के जागरुकता अभियान से अब स्वैच्छिक नेत्रदान के प्रति स्वत: लोग आगे आ रहे हैं।

सुशील मोदी की पहल पर नेत्र कोष के लिए 1.5 करोड़ रुपये किए थे आवंटित

यही नहीं, पांच मेडिकल कालेज एवं अस्पतालों (आइजीआइएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच एवं डीएमसीएच) के साथ ही निजी क्षेत्र के कटिहार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में आई बैंक कार्यरत है। सुशील मोदी की पहल पर ही राज्य सरकार ने नेत्र कोष (आइ बैंक) के लिए डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये आवंटित किए थे।

हालांकि, राशि आवंटन के बावजूद अभी भी पांच मेडिकल कालेज एवं अस्पतालों में नेत्र कोष की स्थापना का काम लंबित है। सुविधा नहीं होने के कारण लोगों के स्वजन चाह कर भी नेत्रदान नहीं कर पाते हैं। वैसे बिहार में प्रतिवर्ष 12 हजार कार्निया की जरूरत पड़ती है लेकिन महज 250 से 300 ही उपलब्ध हो पा रही है।

ये भी पढ़ें

Manish Kashyap: मनीष कश्यप को गालियां दे रही थी भोजपुरी गायक, फिर हथियार भी दिखाया; अब पुलिस ने लिया ये एक्शन

Bihar Politics: अनंत सिंह को छोटे सरकार क्यों कहा जाता है? ललन सिंह ने खोल दिया राज; याद दिलाई पुरानी बात

Categories: Bihar News

Patna News : पिता की हत्या के गवाह बेटे पर अंधेरी रात में बदमाशों ने कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बची जान

May 16, 2024 - 11:44am

जागरण संवाददाता, पटना। बच्चन राय की हत्या मामले में गवाह उनके बेटे परमेश्वर राय पर एक बार फिर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। बुधवार की रात लगभग 10 बजे उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हालांकि वे सुरक्षित बच गए। दीघा थाना क्षेत्र के पाटी पुल के पत्थर गली इलाके में वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए।

इससे पहले 2022 में भी उन पर हत्या के इरादे से फायरिंग की गई थी। इस गोलीकांड में सात मई को विपक्षियों के विरुद्ध गवाही दी थी। उन्हें दोबारा गवाही देने जाना था।

विरोधियों पर घर में घुस कर हत्या करने का भी आरोपित

परमेश्वर ने आशंका जताई है कि विरोधियों ने गवाही से रोकने के लिए उन पर हमला कराया है। विरोधी नाकट गोप, उसके बेटे सन्नी समेत अन्य के विरुद्ध उन्होंने प्राथमिकी कराई है। सन्नी, चर्चित मंटू शर्मा और उनके पिता की घर में घुस कर हत्या करने का भी आरोपित है।

Bihar News परमेश्वर राय ने बताया कि वे अपनी गिट्टी बालू की दुकान बंद कर बाइक से दीघा पाटी पुल रोड स्थित घर की ओर जा रहे थे। उनके घर और दुकान के बीच आधा किलोमीटर की दूरी है। दुकान से कुछ दूर आगे बढ़ते ही घात लगा कर बैठे पांच अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिस जगह फायरिंग की गई, वहां स्पीड ब्रेकर है।

फायरिंग होते ही परमेश्वर ने बाइक की गति तेज कर दी

हमलावरों को पता था कि वहां बाइक धीमी होगी। लेकिन फायरिंग होते ही परमेश्वर ने बाइक की गति तेज कर दी। इससे वे बच गए। इस बीच गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग भी दौड़े, इसके बाद हमलावर भाग निकले। प

रमेश्वर ने बताया कि वर्ष 2018 में नाकट गोप और उसके बेटे सन्नी व अन्य अपराधियों ने मिलकर उनके पिता की हत्या कर दी थी। वर्ष 2022 में उनपर भी जानलेवा हमला किया, जिसमें वे बाल बाल बचे थे।

यह भी पढ़ें-

NDA बार-बार क्यों दिला रहा लालू राज की याद? अभी से ही विधानसभा के लिए सारे दांव-पेंच तैयार, RJD का भी फार्मूला सेट

Odisha में राजनीतिक हिंसा: एक BJP कार्यकर्ता की मौत, 3 घायलों में एक की हालत गंभीर; भुवनेश्वर स्थानांतरित

Categories: Bihar News

Bihar News: पटना से लेकर समस्तीपुर तक Railway का एक्शन, 4 लाख से अधिक लोगों पर शिकंजा; भूलकर भी न करें ये गलती

May 16, 2024 - 11:43am

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar News: पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों में अधिकारियों की अलग-अलग टीम बनाकर स्टेशन एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के फलस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष के एक अप्रैल से 14 मई तक अनियमित यात्रा के कुल  4 लाख 87 हजार 600 मामले सामने आए जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग 31 करोड़ 55 लाख वसूला गया।

जांच अभियान के दौरान दानापुर मंडल में लगभग 1 लाख 23 हजार लोगों को बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करते पकड़ा गया। इनसे दंडस्वरूप लगभग 07.67 करोड़ रूपए रेल राजस्व के रूप में प्राप्त हुआ । इसी तरह सोनपुर मंडल में एक लाख 12 हजार लोगों से 07.32 करोड़ रूपए, पंडित दीन दयाल उपाध्याय (मुगलसराय) मंडल में 86 हजार 500 लोगों से 5.45 करोड़ रूपए दंडस्वरूप प्राप्त हुए ।

जबकि समस्तीपुर मंडल में एक लाख से अधिक लोगों को बिना टिकट/उचित प्राधिकार के यात्रा करते हुए पकड़ा गया जिसने 7.46 करोड रूपए़ तथा धनबाद मंडल में 65 हजार से अधिक लोगों से 3.69 करोड़ की राशि प्राप्त हुई।

ये भी पढ़ें

Manish Kashyap: मनीष कश्यप को गालियां दे रही थी भोजपुरी गायक, फिर हथियार भी दिखाया; अब पुलिस ने लिया ये एक्शन

Bihar Politics: अनंत सिंह को छोटे सरकार क्यों कहा जाता है? ललन सिंह ने खोल दिया राज; याद दिलाई पुरानी बात

Categories: Bihar News

NDA बार-बार क्यों दिला रहा लालू राज की याद? अभी से ही विधानसभा के लिए सारे दांव-पेंच तैयार, RJD का भी फार्मूला सेट

May 16, 2024 - 11:18am

अरुण अशेष, (पटना)।Bihar Politics In Hindi चार जून को जब लोकसभा चुनाव के परिणाम आएंगे तो उसमें अगले वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम की भी झलक मिलेगी। अभी प्रचार के समय ही लोगों को अगले चुनाव के लिए सतर्क किया जा रहा है।

राजग के डबल इंजन सरकार के प्रचार में विस चुनाव में गठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील अंतर्निहित है। महागबंधन के प्रचार में भी अगली बार, तेजस्वी (Tejashwi Yadav) सरकार की मांग साफ सुनाई देती है।

विपक्ष नौकरी के मुद्दे पर खेल रहा दांव

महागठबंधन युवाओं को आश्वासन दे रहा है कि केंद्र और राज्य में उनकी सरकार बनती है तो उनके लिए सरकारी नौकरियों का इतना बड़ा दरवाजा खुलेगा, जिसमें सभी बेरोजगार प्रवेश कर जाएंगे। राज्य का चुनाव हमेशा सामाजिक समीकरण यानी सोशल इंजीनियरिंग के आधार पर लड़ा जाता है।

विभिन्न जाति समूहों को किसी गठबंधन के पक्ष में वोट करने के लिए सहमत कर लेना ही यहां सोशल इंजीनियरिंग है। कभी कांग्रेस की जीत सवर्ण, मुसलमान और वंचितों (अनुसूचित जातियों) की एकमुश्त गोलबंदी के आधार पर होती थी।

वंचितों के वोट कई हिस्से में विभाजित हुए

Bihar News भागलपुर का सांप्रदायिक दंगा और मंडल के प्रादुर्भाव के बाद तत्कालीन जनता दल ने मुसलमानों को उस समीकरण से बाहर कर अपने साथ जोड़ लिया। कांग्रेस के पास वंचित और सवर्ण रह गए। मंडल आंदोलन में तेजी आई और उसके मुकाबले मंदिर आंदोलन शुरू हुआ तो सवर्ण भाजपा से जुड़ गए।

वंचितों के वोट कई हिस्से में विभाजित हुए, पर 1995 के विस चुनाव के साथ एक बड़ी सामाजिक गोलबंदी सामने आई, जिसने उस समय के जनता दल और उसके नेता लालू प्रसाद को अपराजेय बना दिया। यही वह समय था, जब मंडल और मंदिर से इतर लालू (Lalu Yadav) के पक्ष और विपक्ष में गोलबंदी होने लगी।

सोशल इंजीनियरिंग के नाम पर माय (मुस्लिम-यादव) समीकरण

इसका परिणाम ठीक 10 वर्ष बाद आया, जब 2005 में लालू बिहार की सत्ता से बाहर हो गए। उनके पास सोशल इंजीनियरिंग के नाम पर माय (मुस्लिम-यादव) समीकरण बचा रह गया था। बिहार में इस समय लोस चुनाव की रणनीति और प्रचार-प्रसार पर ध्यान दें तो साफ लगेगा कि यह वर्तमान से अधिक अतीत पर आश्रित है।

लालू महागठबंधन को 1995 के जनाधार के स्तर पर लाना चाह रहे हैं। उधर, राजग की रणनीति का मूल पाठ यह है कि कैसे लालू और उनके गंठजोड़ को 2005 की तरह किनारे कर दिया जाए।

यही कारण है कि राजग के नेता केंद्र में 10 वर्ष और राज्य में 19 वर्ष की सरकार की उपलब्धियों के साथ लालू के शासन का डर दिखा रहे हैं। यही वह डर है, जिसने अगड़े-पिछड़े के भेद को मिटाकर बड़ी आबादी को राजग के पक्ष में गोलबंद कर दिया था। राजग की रणनीति से लालू परिचित हैं।

कई जातियां लालू से छिटक कर राजग के पाले में चली गईं

2005 से लेकर उसके बाद तक कई जातियां लालू से छिटक कर राजग के पाले में चली गईं। इनमें पिछड़ी और अति पिछड़ी जातियों के अलावा सवर्ण और वंचित हैं। महागठबंधन ने लोस के 40 में से 20 टिकट उन जातियों के बीच बांट दिए, जिन्हें 2005 और उसके बाद राजग के घटक दलों से जोड़कर देखा जाता था।

कुशवाहा, वैश्य व भूमिहार के अलावा वंचितों में पासवान को राजग के कट्टर समर्थक के रूप में देखा जाता था। हां, 36 प्रतिशत की आबादी वाली अति पिछड़ी जातियों को उनकी संख्या के अनुपात में उम्मीदवारी नहीं दी गई। इनके दो प्रत्याशी बनाए गए। इन्हें अब भी राजग के खाते में माना जाता है।

इसलिए लालू शासन की याद दिला रहा एनडीए

लोस चुनाव परिणाम से यह भी पता चलेगा कि लालू अपनी सोशल इंजीनियरिंग में किस हद तक सफल हुए। अगर उन्हें सफलता मिलती है तो इसी पैटर्न पर टिकट देकर 2025 में फिर से सत्ता में आने का सपना देख सकते हैं। तब वे 1995 के अपने आधार को छूने के बारे में सोच सकते हैं। यही कारण है कि राजग उनके शासन की याद दिला रहा है।

यह भी पढ़ें-

Bihar Politics : 'अब कोई आंख उठाकर...', भरी सभा में चिराग ने क्यों कह दिया ऐसा? सम्राट चौधरी ने भी कर दिया एक वादा

Bihar Politics: मुकेश सहनी की पार्टी ने सम्राट चौधरी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, लगाया गलत सूचना फैलाने का आरोप

Categories: Bihar News

Bihar Politics: मुकेश सहनी की पार्टी ने सम्राट चौधरी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, लगाया गलत सूचना फैलाने का आरोप

May 16, 2024 - 9:50am

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Politics News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विरुद्ध विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कंकड़बाग थाने में शिकायत की है।

सम्राट चौधरी पर लगाए गलत सूचना फैलाने का आरोप

आरोप है कि सम्राट चौधरी ने फेसबुक पर अशोक कुमार चौहान के साथ तस्वीर लगा कर कहा कि वीआइपी के प्रदेश अध्यक्ष को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई, जो कि गलत और भ्रामक है।

देव ज्योति का कहना है कि अशोक कुमार चौहान पूर्व या वर्तमान में कभी भी वीआइपी के प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहे। वास्तविक में बाल गोविंद बिंद लंबे समय से वीआइपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

थानेदार का भी आया बयान

कंकड़बाग थानेदार नीरज ठाकुर ने बताया कि सनहा कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि 48 घंटे बाद भी प्राथमिकी नहीं करना पुलिस-प्रशासन की एकतरफा नीति को दर्शाता है। गौर हो कि इससे पहले भाजपा नेता ने वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी के विरुद्ध कोतवाली थाने में सम्राट चौधरी को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक खबर प्रसारित करने के आरोप में शिकायत की थी।

ये भी पढ़ें

Rohini Acharya: 'चलिए न चाचा-भतीजी घूमते हैं...', रोहिणी आचार्य ने पीएम मोदी से जोड़ लिया रिश्ता; रख दी बड़ी मांग

Bihar Politics: अनंत सिंह को छोटे सरकार क्यों कहा जाता है? ललन सिंह ने खोल दिया राज; याद दिलाई पुरानी बात

Categories: Bihar News

आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं... BJP सरकार को लेकर रूंगटा का बयान, कहा- मोदी के कार्यकाल में खूब मिले रोजगार

May 16, 2024 - 9:25am

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की आजादी के बाद से अभी तक के दशक में सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराए हैं। मोदी सरकार की स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और मुद्रा बैंक योजना के तहत आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन गया है।

दस सालों में 51 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित: रूंगटा

अभी हाल में आई एक आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट से यह ज्ञात हुआ है कि भाजपा सरकार में पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में 51 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।

इसमें लगभग 20 करोड़ रोजगार सरकार की विविध योजनाओं एवं नीतियों के कारण तो दूसरी ओर लगभग 31 करोड़ से अधिक लोगों को विभिन्न बैंकों से मुद्रा योजना के अंतर्गत कारोबार के लिए दिए गए गये ऋण की वजह से संभव हुआ है।

मुद्रा योजना के अंतर्गत हर वर्ष औसतन 3.21 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। मुद्रा योजना के तहत अभी तक कुल 35 करोड़ ऋण दिए गए, जिसमें 70 प्रतिशत से अधिक ऋण महिलाओं को उपलब्ध कराए गए हैं।

कांग्रेस राज में सड़ जाता था गरीबों के हक का अनाज

स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके राज में राशन सड़ता रहता था। गरीबों के बच्चे भूख से बेहाल रहते थे और कांग्रेस अनाज के गोदामों पर ताला लगाकर बैठ जाती थी।

कांग्रेसी बिचौलिए उसका भी सौदा करके अपना महल खड़ा करते थे। मगर आज पीएम नरेन्द्र मोदी ने सारे अनाज गोदामों के ताले खुलवा दिए और देश में मुफ्त अनाज की योजना चल रही है। कांग्रेस समेत पूरा आइएनडीआइए गरीब विरोधी है।

वो गरीब, पिछड़ों, दलितों के आरक्षण में डाका डालकर उसे धर्म के आधार पर वर्ग विशेष को देना चाहती है। चुनाव में हार के डर से कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति को हवा दे रही है।

अब केंद्र की जन कल्याणकारी योजना का नकल कर अनाज देने का झूठा झांसा, गरीबों को गुमराह करने की एक और योजना है।

ये भी पढ़ें: 

Manish Kashyap: मनीष कश्यप को गालियां दे रही थी भोजपुरी गायक, फिर हथियार भी दिखाया; अब पुलिस ने लिया ये एक्शन

Nalanda Road Accident: ससुर के ब्रह्मभोज में शामिल होने आए दामाद की सड़क हादसे में मौत, एक की हालत गंभीर

Categories: Bihar News

खत्‍म हो गई गर्मी की छुट्टियां... बिहार में आज से खुल गए सभी सरकारी स्‍कूल, सुबह छह से 12 बजे तक होगी पढ़ाई

May 16, 2024 - 9:01am

जागरण संवाददाता, पटना। सरकारी स्कूलों में गुरुवार से कक्षाएं लगेंगी। स्कूलों में 15 अप्रैल से 15 मई तक गर्मी की छुट्टी घोषित थी। शिक्षा विभाग की ओर जारी आदेश के अनुसार, गुरुवार (16 मई) से सुबह छह बजे से 12 बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी।

दोपहर 12 बजे बच्चों को छुट्टी दे दी जाएगी, लेकिन शिक्षक 1.30 बजे तक स्कूल में ही रहेंगे। दोपहर 12 बजे से लेकर 1.30 बजे तक पढ़ने में कमजोर बच्चों के लिए मिशन दक्ष और विशेष कक्षाएं संचालित होंगी।

10 से 10.30 बजे तक बच्चे करेंगे मध्याह्न भोजन

जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शिक्षकों को सुबह छह बजे पहले स्कूल आना होगा। देर से पहुंचने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जएगी। निरीक्षण कर्मियों को सुबह छह बजे तक स्कूलों को निरीक्षण करने के लिए आदेश दिया गया है।

सभी स्कूलों में सुबह छह बजे चेतना सत्र के बाद कक्षाएं शुरू हो जानी चाहिए। सुबह 10 से 10.30 बजे तक प्रारंभिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ के बच्चे मध्याह्न भोजन करेंगे। 12 बजे तक कक्षाएं संचालित होगी।

12 बजे से 1.30 बजे तक मिशन दक्ष एवं विशेष कक्षा चलेगी। मिशन दक्ष और विशेष कक्षा में जो शिक्षक शामिल नहीं होंगे वे स्कूल में नामांकन या अन्य प्रशासनिक काम देंगे।

मध्याह्न भोजन, शिक्षकों की उपस्थिति, मिशन दक्ष व विशेष कक्षा में शामिल शिक्षकों की प्रतिदिन की जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय को देनी होगी।

चलता रहेगा स्कूलों का निरीक्षण

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि स्कूलों का निरीक्षण जैसे चल रहा है वह चलता रहेगा। निरीक्षण कर्मी प्रतिदिन स्कूल खुलने और बंद होने से पहले निरीक्षण करेंगे। एक निरीक्षण कर्मी को कम से कम 10 स्कूलों का निरीक्षण करना है।

ये भी पढ़ें:

Muzaffarpur News : 9 घंटे में सौ मीटर की दूरी पर दो हादसे, जवानों को ले जा रहीं बसें दुर्घटनाग्रस्त; 51 जख्मी

NEET Exam Paper Leak : प्रश्नपत्र लीक करने वालों के बीच मचेगी खलबली! अब CBI जांच की मांग, कोर्ट तक पहुंचा मामला

Categories: Bihar News

Bihar Weather Today: बिहार में इस तारीख से बदलेगा मौसम, अलर्ट जारी; आज 12 शहरों में लू से हालत होगी खराब

May 16, 2024 - 8:03am

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News: पुरवा हवा के प्रवाह पर विराम लगते ही राजधानी समेत प्रदेश के तापमान में वृद्धि होने के साथ गर्मी बढ़ने लगी। राजधानी व आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बेअसर होने के साथ तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

मानों कड़ी धूप में बादल भी धीरे से खिसक गए हों। बीते चार दिनों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में छह डिग्री बढ़ोतरी होने के साथ बुधवार को तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ वैशाली प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। पटना सहित सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

12 शहरों में लू के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पछुआ हवा का प्रवाह अगले चार दिनों तक जारी रहेगा। ऐसे में 19 मई तक गर्मी व उष्ण लहर का प्रभाव बना रहेगा। आज यानी गुरुवार को प्रदेश के 12 शहरों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल और गया जिले में लू पड़ने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

19 से 21 मई के बीच हो सकती है बारिश

19 मई को बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बनने के साथ इसका प्रभाव प्रदेश के उत्तरी भागों में पड़ेगा। उत्तरी भागों के अधिसंख्य जिलों में 19-21 मई के दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विज्ञानी के अनुसार प्री-मानसून के दौरान मौसम के अलग-अलग प्रभाव पड़ना आम बात है।

इस दौरान कभी आंधी-पानी का मौसम बनता है तो कभी हवा की दिशा बदलने से गर्मी व लू की संभावना बढ़ती है। बुधवार को पटना में गर्म हवा जारी रही। मौसम विभाग ने बांका, भागलपुर, कटिहार जिले के कुछ भागों में तेज हवा के साथ मेघ गर्जन व हल्की वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

उमस भरी गर्मी के बीच बढ़ने लगी बिजली की मांग

उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की मांग में वृद्धि होने लगी है। मौसम में बदलाव के कारण इसमें कमी आ गई थी। मंगलवार को बिजली की अधिकतम मांग 613 मेगावाट रात्रि 11.00 बजे दर्ज की गई थी। जबकि बुधवार को दिन के चार बजे 636 मेगावाट बिजली की खपत हुई।

दोपहर 2.00 बजे से शाम पांच बजे तक 600 मेगावाट के आसपास बिजली की खपत हुई। गुरुवार की देर रात तक बिजली की मांग 650 मेगावाट तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं बिजली की मांग में वृद्धि होते ही पटना विद्युत आपूर्ति प्रतिष्ठान के अभियंता अलर्ट हो गए हैं।

मलाही पकड़ी और आसपास तीन घंटे नहीं रहेगी बिजली पटना

Bihar News: उमस भरी गर्मी के बीच मलाही पकड़ी एवं आसपास में बुधवार को चार घंटे तक बिजली नहीं थी तथा गुरुवार को तीन घंटे तक बिजली नहीं रहेगी। पटना मेट्रो के लिए के लिए 11केवी का केबल शिफ्ट करने का कार्य चल रहा है। बुधवार की सुबह 8.00 बजे से 11.00 बजे के बीच 90 फीट मलाही पकड़ी के आसपास बिजली नहीं रहेगी। कंकड़बाग मेन रोड और राजेंद्र नगर पुल के आसपास दिन के 11.00 बजे से 1.00 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।

ये भी पढ़ें

Rohini Acharya: 'चलिए न चाचा-भतीजी घूमते हैं...', रोहिणी आचार्य ने पीएम मोदी से जोड़ लिया रिश्ता; रख दी बड़ी मांग

Bihar Politics: अनंत सिंह को छोटे सरकार क्यों कहा जाता है? ललन सिंह ने खोल दिया राज; याद दिलाई पुरानी बात

Categories: Bihar News

NEET Exam Paper Leak : प्रश्नपत्र लीक करने वालों के बीच मचेगी खलबली! अब CBI जांच की मांग, कोर्ट तक पहुंचा मामला

May 16, 2024 - 7:57am

राज्य ब्यूरो, पटना। NEET UG 2024 Exam Paper Leak नीट-यूजी के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच सीबीआइ को सौंपने को लेकर पटना हाईकोर्ट में एक लोकहित याचिका दायर की गई है। यह याचिका अधिवक्ता विशाल सौरभ ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि शास्त्रीनगर थाना कांड संख्या 358/24 दर्ज कर पुलिस प्रश्नपत्र लीक घटना की जांच कर रही है।

अबतक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रश्नपत्र लीक होने के कारण लाखों छात्र का भविष्य चौपट हो रहा है। इसलिए इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआइ से कराई जाए, ताकि दोषियों को पकड़ कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जा सके। याचिकाकर्ता ने नीट परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराने का अनुरोध भी कोर्ट से किया है।

जमीन मुआवजे का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में दरभंगा के जिलाधिकारी से जवाब तलब

Bihar News जमीन मुआवजे का भुगतान नहीं किए जाने के मामले में पटना हाईकोर्ट ने दरभंगा के जिलाधिकारी से जवाब तलब किया है।

न्यायाधीश राजीव राय की एकलपीठ ने राम कुमार लाल दास एवं अन्य की ओर से दायर रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि शपथ पत्र दायर कर जिलाधिकारी स्पष्ट करें कि पिछले सात साल में इस मामले में क्या प्रगति हुई है? ऐसा नहीं करने की स्थिति में बतौर हर्जाना 5000 रुपया हाईकोर्ट की लीगल सर्विस कमेटी में जमा कराना होगा।

याचिकाकर्ताओं का पक्ष अधिवक्ता रतन कुमार कुमर, ऋतम्भरा कुमारी और प्रसून कुमार ने रखा, जबकि राज्य सरकार की ओर से देवेंद्र कुमार सिन्हा कोर्ट में पेश हुए। इस मामले की अगली सुनवाई ग्रीष्मावकाश के बाद होगी।

यह भी पढ़ें-

Bihar Education Department Account Hack : बिहार के शिक्षा विभाग का X अकाउंट हैक, शातिरों ने नाम भी बदला; मची हलचल

Bihar Politics : हाजीपुर में तेजस्वी हुए एक्टिव तो नीतीश ने भी झोंकी ताकत, चिराग के लिए इस नेता को किया सेट; मची हलचल

Categories: Bihar News

Agrani Homes Private Limited: अग्रणी होम्स के निदेशक समेत अन्य पर 16 लाख की धोखाधड़ी का केस, EOU ने की कार्रवाई

May 15, 2024 - 10:30pm

राज्य ब्यूरो, पटना। Agrani Homes Private Limited अग्रणी होम्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और केस हुआ है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) में मेसर्स अग्रणी होम्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन निदेशक आलोक कुमार समेत अन्य के खिलाफ 16 लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

इसमें पूर्व निदेशक और आलोक कुमार के परिवार के सदस्यों को भी अभियुक्त बनाया गया है। वर्तमान में आलोक कुमार समेत कई आरोपित जेल में हैं।

इन पर बीपीआइडी एक्ट (बिहार जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण अधिनियम) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, इस मामले की शिकायत आरा के कृष्णागढ़ थाना के वाभनगांव निवासी जय प्रकाश उपाध्याय ने की है।

क्या है पूरा मामला?

प्राथमिकी के अनुसार, दानापुर के सरारी में मौजूद अग्रणी आइओबी नगर प्रोजेक्ट में 1300 वर्ग मीटर का फ्लैट 16 लाख 69 हजार 296 रुपये में देने के लिए जय प्रकाश के साथ कंपनी ने एग्रीमेंट किया था। यह समझौता 29 मार्च 2016 को हुआ था।

बताया गया कि अप्रैल से अगस्त 2016 के बीच जय प्रकाश ने पूरी राशि किस्तों में जमा कर दी। बावजूद आज तक कंपनी ने फ्लैट नहीं दिया है और न ही कोई राशि लौटाई है। प्राथमिकी जांच में मामला सही पाए जाने पर ईओयू में दस मई को प्राथमिकी दर्ज की है। पूरे मामले में समुचित छानबीन भी शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- IGNOU Admission 2024: इग्नू जुलाई सत्र के लिए नामांकन आरंभ, 30 जून अंतिम तिथि; ये रहा डायरेक्ट लिंक

ये भी पढ़ें- UGC NET 2024: एनटीए ने फिर बढ़ाई यूजीसी नेट आवेदन की अंतिम तिथि, 19 मई तक करें Apply

Categories: Bihar News

UGC NET 2024: एनटीए ने फिर बढ़ाई यूजीसी नेट आवेदन की अंतिम तिथि, 19 मई तक करें Apply

May 15, 2024 - 8:59pm

जागरण संवाददाता, पटना। UGC NET Exam 2024 नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक बार पुन: यूजीसी नेट जून 2024 लिए आवेदन करने की तिथि बढ़ा दिया है। अब अब इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर 19 मई तक आवेदन कर सकते हैं।

इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई थी, जिसे बढ़ा कर 15 मई की गई थी। अब दूसरी बार तिथि बढ़ा कर 19 मई की गयी है। एनटीए ने नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है। उम्मीदवार 20 मई रात्रि 11.59 बजे तक शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

वहीं, आवेदन में सुधार के लिए विंडो 21 से 23 मई तक उपलब्ध रहेगी। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवदेन नहीं किया है, वे अब 19 मई तक आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in. पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।

कक्षा नौवीं और 11वीं की विशेष परीक्षा कल से

कक्षा नौवीं और 11 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए विशेष वार्षिक परीक्षा 16 मई से आयोजित होगी। दोनों कक्षा की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। कक्षा नौवीं की पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से पूर्वाह्न 11.00 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम 4.45 बजे तक चलेगी।

वहीं, कक्षा 11 वीं की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर एक बजे तथा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। कक्षा नौवीं की विशेष परीक्षा 22 मई तथा कक्षा 11 वीं की विशेष परीक्षा 29 मई तक चलेगी। दोनों कक्षा की दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने व समझने के लिए 15 मिनट मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

स्पास्टिक, दृष्टिबाधित एवं वैसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें लेखक रखने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए निर्धारित समय में 20 मिनट प्रति घंटा अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इस परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित विद्यार्थियों को कक्षा दसवीं और 12 वीं में नामांकन कराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- IGNOU Admission 2024: इग्नू जुलाई सत्र के लिए नामांकन आरंभ, 30 जून अंतिम तिथि; ये रहा डायरेक्ट लिंक

ये भी पढ़ें- वकीलों की सेवाएं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत नहीं आती: सुप्रीम कोर्ट

Categories: Bihar News

IGNOU Admission 2024: इग्नू जुलाई सत्र के लिए नामांकन आरंभ, 30 जून अंतिम तिथि; ये रहा डायरेक्ट लिंक

May 15, 2024 - 8:46pm

जागरण संवाददाता, पटना। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई सत्र में नामांकन के लिए अधिसूचना जारी कर दिया। अभ्यर्थी 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।

ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) कार्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक उम्मीदवार पोर्टल ignouadmission.samarth.edu.in या ignouiop.samarth.edu.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के विभिन्न मास्टर, स्नातक, स्नातकोत्तर डिप्लोमा, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर प्रमाणपत्र और प्रमाणपत्र कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रदान करता है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अभिलाष नायक ने बताया कि इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के 253 विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

अभ्यर्थी कला, वाणिज्य, विज्ञान, शिक्षा, प्रबंधन, सामाजिक कार्य, नर्सिंग, कानून, कृषि आदि जैसे विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स में 30 जून तक नामांकन ले सकते हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किये जा रहे बीए, बीएससी, बीकाम के साथ विभिन्न स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के 300 से अधिक कोर्स में नामांकन ले सकते है। पटना सेंटर पर 253 से अधिक कोर्स संचालित किये जा रहे हैं। वहीं, 43 आनलाइन कोर्स भी उपलब्ध हैं।

योग्यता देखकर कर कराएं नामांकन

क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अभिलाष नायक ने कहा कि उम्मीदवारों को किसी भी कार्यक्रम के लिए आवेदन करने से पहले पात्रता मानदंड, कार्यक्रम विवरण, शुल्क संरचना, अवधि, अध्ययन सामग्री, मूल्यांकन प्रणाली आदि की जांच करने के बाद नामांकन कराना चाहिए। इसके लिए अभ्यर्थी वेबसाइट से प्रास्पेक्टस डाउनलोड कर सकते हैं।

आवेदन रद्द करने पर वापस मिलेगी राशि

आरडी डॉ. अभिलाष नायक ने बताया कि विश्वविद्यालय की रिफंड नीति के अनुसार, यदि कोई उम्मीदवार प्रवेश की पुष्टि से पहले अपना आवेदन रद्द कर देता है, तो वे कार्यक्रम शुल्क की पूरी वापसी के लिए पात्र हैं। यदि पुष्टि के बाद 15 दिनों के भीतर रद्दीकरण होता है, तो 500 रुपये की कटौती के बाद रिफंड जारी किया जाएगा।

16-90 दिनों के भीतर रद्दीकरण के लिए, रिफंड जारी करने से पहले 1,000 रुपये की कटौती लागू होगी। रद्दीकरण अधिसूचना के 90 दिनों के बाद कोई रिफंड नहीं दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Motihari News: पीपराकोठी में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, वाहन क्षतिग्रस्त और तीन जवान जख्मी

ये भी पढ़ें- KK Pathak ने अचानक बुला ली हाई लेवल मीटिंग, सीनियर अफसर रहे मौजूद; दे दिया नया ऑर्डर

Categories: Bihar News

'यह सिर्फ प्रत्याशी का चुनाव नहीं...', महागठबंधन के साथ कितना लंबा चलेगा VIP का रिश्ता खुद मुकेश सहनी ने बताया

May 15, 2024 - 8:17pm

राज्य ब्यूरो, पटना। विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के संस्थापक और प्रदेश के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बुधवार को चंपारण और गोपालगंज में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव-प्रचार किया।

इस दौरान सहनी ने लोगों से भाजपा के छल-बल से मुकाबले के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा भाजपा की विदाई मतदाताओं के सहयोग के बिना संभव नहीं है।

चुनाव प्रचार के दौरान अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह पार्टी आपकी है और पार्टी के मालिक आप हैं। आप खुद को प्रत्याशी मानकर मतदाताओं के बीच जाएं और वोट की अपील करें।

इस चुनाव को विशेष चुनाव बताते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव वीआइपी के मान, सम्मान और अधिकार का चुनाव है।

यह सिर्फ प्रत्याशी का चुनाव नहीं...: मुकेश सहनी 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ प्रत्याशी का चुनाव नहीं है यह चुनाव वीआइपी का चुनाव है। कार्यकर्ताओं से कहा कि विरोधी हर षडयंत्र रचेंगे, लेकिन हमें अपना काम याद रखना है।

उन्होंने कहा की हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ी को हम अच्छे दिन देकर जाएं। अगर आज हम संघर्ष नहीं करेंगे तो कल आने वाली पीढ़ी को संघर्ष करना होगा।

कहा- लंबा चलना है ये रिश्ता

सहनी ने कहा कि इस चुनाव में वे राजद के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में हैं। यह रिश्ता लंबा चलना है। कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने का आह्वान करते हुए बोले कि हम सबको मिलकर लालू प्रसाद की विचारधारा को आगे बढ़ाना है। हमारी लड़ाई निषाद आरक्षण है और जब पावर होगा तो सब समस्याएं स्वयं हल हो जाएंगी।

यह भी पढ़ें: Lalu Yadav Village : नीतीश कुमार के राज में कैसा है लालू यादव के गांव का हाल?

Lok sabha Election 2024: 'पांच किलो अनाज नहीं, रोजगार की व्यवस्था करे सरकार', तेजस्वी यादव संग चुनाव प्रचार कर रहे मुकेश सहनी ने और क्या कहा, पढ़ें इंटरव्यू

Tejashwi Yadav: 'नौकरी के बदले हड़पी जमीन क्यों नहीं लौटाते तेजस्वी', नौकरी का क्रेडिट लेने पर भड़का JDU का ये नेता

Categories: Bihar News

Tejashwi Yadav: 'नौकरी के बदले हड़पी जमीन क्यों नहीं लौटाते तेजस्वी', नौकरी का क्रेडिट लेने पर भड़का JDU का ये नेता

May 15, 2024 - 7:56pm

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने तेजस्वी यादव के विकास और नौकरी देने के दावे पर कहा कि वास्तव में तेजस्वी यादव के विकास के दावे फर्जी है। दरअसल, तेजस्वी अपने झूठे बयानों के जरिये लालू द्वारा किए गए काले कारनामों से अपना पीछा छुड़ाना चाहते हैं। इसीलिए वह बार-बार विकास के फर्जी दावे करते रहते हैं।

राजीव रंजन ने कहा कि तेजस्वी युवाओं को रोजगार और नौकरी देने के झूठे वादे रहे हैं। सच्चाई यही है कि नौकरी के बदले जमीन लेना लालू परिवार का रिकॉर्ड रहा है। अगर तेजस्वी इतना ही सच बोल रहे हैं, तो नौकरी के नाम पर लोगों की हड़पी हुई जमीनें क्यों नहीं लौटा देते हैं?

राजीव रंजन ने कहा कि वास्तव में तेजस्वी जानते हैं कि न तो उनका गठबंधन सत्ता में आने वाला है और न ही उन पर वादे पूरे करने का कोई दबाव डालने वाला है, इसीलिए वह चाहे जितना नौकरी देने का वादा कर लें, लेकिन लोगों की हड़पी जमीने लौटाने के लिए न तो उन्हें सत्ता के जरूरत है और न ही किसी पद की। यदि वह चाहें तो एक दिन में ही यह काम कर सकते हैं।

नीतीश कुमार हमेशा बिहार के विकास की सोचते हैं : नीरज

बिहार विधान परिषद के सदस्य एवं जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दिल और दिमाग बिहार के विकास में लगा रहता है।

नीरज कुमार ने कहा कि वे हमेशा बिहार के विकास के बारे में सोचते हैं, जबकि लालू केवल परिवार के लिए लोगों के हित के लिए संपत्ति जमा करने के बारे में सोचते हैं।

तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए जदयू नेता ने कहा कि क्या यह सही नहीं है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तो संयुक्त राष्ट्र संघ के राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में क्लाइमेट लीडर की उपाधि पायी है, जबकि आपके परिवार पर सजायाफ्ता का बोर्ड लगा हुआ है।

उन्होंने तेजस्वी यादव से पूछा है कि लालू प्रसाद की नौकरी के बदले जमीनें लिखवाने के बाद आप फिर से जाब यात्रा पर कब निकलेंगे?

यह भी पढ़ें: Bihar Politics: जदयू की पूर्व विधायक पूनम हुईं कांग्रेसी, अखिलेश ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

Lalu Yadav Village : नीतीश कुमार के राज में कैसा है लालू यादव के गांव का हाल?

Categories: Bihar News

पलटीमार हैं मोदी जी, अब कह रहे बचपन में दोस्त संग ईद मनाता था- शिवानंद तिवारी

May 15, 2024 - 7:50pm

राज्य ब्यूरो, पटना। राष्ट्रीय जनता दल वरिष्ठ नेता और पार्टी उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'पलटीमार नेता' बताया है। प्रधानमंत्री के एक भाषण का हवाला देकर शिवानंद ने कहा कि चार चरणों का चुनाव होने के बाद वे कह रहे हैं कि मुस्लिम दोस्तों के साथ मैं बचपन में ईद मनाता था।

शिवानंद ने आगे कहा कि मोदी कह रहे हैं कि मुसलमान के घर से मेरे घर खाना आता था। ज्यादा बच्चों का मतलब मुसलमान नहीं होता। अगर मैं भेद करूंगा तो योग्य नहीं रह जाऊंगा।

'2002 से मेरी छवि खराब की गई'

शिवानंद बोले, मोदी ने यहां तक की कहा कि 2002 से मेरी छवि खराब की गई है। शिवानंद ने कहा कि अभी तक जितने चरण के चुनाव हुए हैं उनमें हर जगह भाजपा घटती दिख रही है। जिन लोगों ने देश में घूम घूम कर लोग से बात की है उन सभी लोगों का आकलन है कि भाजपा को बहुमत नहीं मिलने जा रहा। बल्कि कुछ लोगों का तो मानना है कि भाजपा गठबंधन को ही बहुमत नहीं मिलने वाला है।

'मोदी जी ने शुरू से नकारात्मक बातें की'

उन्होंने कहा बयान से पलटने पर क्या चुनाव का रुख बदला जा सकता है। इस चुनाव की शुरुआत से मोदी जी और उनकी पार्टी के नेता सिर्फ नकारात्मक बातें करते रहे। उन्होंने कहा कि 2002 में गुजरात में इनके नेतृत्व में जो पहला चुनाव हुआ था उसके बाद आज तक मोदी जी या उनके सहयोगियों ने जनता के समक्ष कभी रोजी-रोटी की बात ही नहीं की।

शिवानंद बोले, क्या किया है और क्या करेंगे इसकी चर्चा भी इन लोगों ने नहीं की। मतदाताओं के समक्ष सिर्फ हिंदुस्तान, पाकिस्तान, हिंदू और मुसलमान करते रहे, इसलिए सिर्फ मुसलमान ही नहीं बल्कि देश भर के पिछड़े, दलित, आदिवासी तथा उदारवादियों ने तय कर लिया है कि देश, संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण को बचाने के लिए इनको गद्दी से उतार देना है।

ये भी पढ़ें- KK Pathak ने अचानक बुला ली हाई लेवल मीटिंग, सीनियर अफसर रहे मौजूद; दे दिया नया ऑर्डर

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: जदयू की पूर्व विधायक पूनम हुईं कांग्रेसी, अखिलेश ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

Categories: Bihar News

KK Pathak ने अचानक बुला ली हाई लेवल मीटिंग, सीनियर अफसर रहे मौजूद; दे दिया नया ऑर्डर

May 15, 2024 - 7:38pm

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अब राशि के बदले पोशाक मिलेगी। दो जोड़ी पोशाक के साथ बच्चों को एक जोड़ी जूते-मोजे मिलेंगे। टाई मिलेगी। जाड़े में पहनने के लिए बच्चों को स्वेटर भी मिलेंगे। जूते कैनवास के होंगे।

इस संबंध में शिक्षा विभाग ने अहम फैसला लिया है। इस फैसले के अनुसार, प्रारंभिक विद्यालयों के पहली से आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को मिलने वाली एक जोड़ी पोशाक में एक हाफ शर्ट एवं एक हाफ पैंट तथा एक फूल शर्ट एवं एक फूल पैंट होंगे। इससे छात्र गर्मी में हाफ पैंट और हाफ शर्ट में तथा जाड़ा में फूल पैंट एवं फूल शर्ट पहन सकेंगे।

छात्राओं को दो जोड़ी सलवार और कमीज मिलेगी

शिक्षा विभाग के मुताबिक पहली से आठवीं कक्षा तक की छात्राओं को दो जोड़ी सलवार और कमीज मिलेगी। इसी प्रकार कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छात्राओं को भी दो जोड़ी सलवार और कमीज मिलेगी। साथ में एक जोड़ी जूते-मोजे एवं एक स्वेटर भी दिये जाएंगे।

इसे लेकर शिक्षा विभाग के डॉ. मदन मोहन झा स्मृति सभागार में बुधवार को अपर मुख्य सचिव केके पाठक की मौजूदगी में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें प्राथमिक शिक्षा निदेशक मिथिलेश मिश्र और माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में बच्चों के पोशाक में व्यवहार किये जाने वाले कपड़े की भी जांच-परख की गयी।

स्कूल ड्रेस के लिए जल्द निकाली जाएगी निविदा

अपर मुख्य सचिव केके पाठक की मौजूदगी में हुई बैठक में छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस उपलब्ध कराने हेतु जल्द निविदा निकाली जाएगी। यहां बता दें कि छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री पोशाक योजना के तहत 75 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर उनके खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि दी जा रही थी।

इसके तहत कक्षा पहली से पांचवीं तक के प्रत्येक छात्र-छात्राओं को प्रति वर्ष 600 रुपये और कक्षा छठी से आइववीं तक के प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रति वर्ष 700 रुपये की दर से राशि उनके खाते में उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी।

इसी प्रकार कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छात्राओं को प्रति छात्रा प्रति वर्ष 1500 रुपये की राशि उनके खाते में उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी। यह भी जान लें कि वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रारंभिक कक्षाओं के लिए पोशाक योजना लागू की थी।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: जदयू की पूर्व विधायक पूनम हुईं कांग्रेसी, अखिलेश ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

ये भी पढ़ें- Lalu Yadav Village : नीतीश कुमार के राज में कैसा है लालू यादव के गांव का हाल?

Categories: Bihar News

Bihar Politics: जदयू की पूर्व विधायक पूनम हुईं कांग्रेसी, अखिलेश ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

May 15, 2024 - 7:24pm

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू की पूर्व विधायक पूनम देवी बुधवार को पाला बदलकर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस में सम्मिलित हो गईं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने पूनम को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

इसके बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि दीघा से विधायक रहीं पूनम देवी का कांग्रेस पार्टी में चुनाव से पहले सम्मिलित होना आईएनडीआईए की ताकत में इजाफा करेगा। उन्होंने कहा कि चार चरण के चुनाव बीत चुके हैं और अब अंतिम तीन चरण में भी एनडीए के घटक दलों और भाजपा की स्थिति नाजुक ही रहेगी।

'पटना साहिब और पाटलिपुत्र में मिलेगा लाभ'

उन्होंने पूनम देवी को कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि इनके कांग्रेस में आने से पटना साहिब और पाटलिपुत्र दोनों ही लोकसभा सीटों पर पार्टी पहले से ज्यादा मजबूत होगी। आईएनडीआईए के प्रत्याशियों को चुनाव में बढ़िया लाभ मिलेगा।

पूनम देवी ने क्यों थामा कांग्रेस का 'हाथ'?

इस मौके पर पूर्व विधायक पूनम देवी ने कहा कि देश में वर्तमान सरकार के द्वारा फैलाए जा रहे अराजक माहौल से अजीज आकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने समर्थकों से बिहार में केंद्र एवं राज्य में एनडीए को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक पूनम के प्रमुख रूप से मीनू सिंह, अजय कुमार, पवन कुमार सिंह, चंदन कुमार, अनिल कुमार सिंह एवं नीलू कुमारी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। मिलन समारोह में कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ के अलावा पार्टी के कई प्रदेश बडे़ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- PK और पारस ने मैदान में नहीं उतारा एक भी कैंडिडेट, फिर भी जारी कर दी 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

ये भी पढ़ें- 'Nitish Kumar जैसा मुख्यमंत्री न पैदा हुआ है न...,' बिहार CM की तारीफ में ये क्या बोल गए अनंत सिंह

Categories: Bihar News

Patna Gold Silver Price: चांदी का दाम ठहरा, सोना एक सौ चढ़ा; पढें आज की नई कीमतें

May 15, 2024 - 6:26pm

जागरण संवाददाता, पटना। Patna Gold Silver Price today ग्राहकी मांग कमजोर होने का प्रभाव बुधवार को स्थानीय पटना सर्राफा बाजार में दिखा। एक दिन पहले 700 रुपये प्रति किलो की बढ़त हासिल करने वाली चांदी की चमक ठहर गई। चांदी खामोशी के बाद 83,300 रुपये प्रति किलो की दर पर यथावत कायम रही।

इसी तरह एक दिन पहले 400 रुपये की राहत देने वाले सोना ने 100 रुपये प्रति दस ग्राम की बढ़त हासिल किया। बढ़त के उपरांत सोना विठूर 72,300 रुपये व 22 कैरेट 72,150 रुपये प्रति दस ग्राम की दर पर आ गया। धातुओं में उत्पन्न हालात को व्यापारिक वर्ग वैश्विक बाजार के उतार-चढ़ाव का प्रभाव मान रहे हैं।

सोना-चांदी में मामूली उतार-चढ़ाव

शादी-ब्याह के मौसम पर लगे विराम की वजह से आने वाले समय में धातुओं की ग्राहकी मांग कमजोर बनी रहेगी। इस वजह से सोना-चांदी में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा। बाजार की स्थिति यह है कि ग्राहकों की खरीदारी के साथ आभूषण गढ़ने वालों और कारखानेदारों की खरीदारी धीमी रफ्तार में चल रही है।

इसका कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फिलहाल धातुओं में कायम उतार-चढ़ाव के बीच बाजार पंडित खपत मौसम की कमी को दृष्टिगत कर आने वाले समय में धातुओं में राहत मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 

Patna Gold Silver Price: चांदी की चमक लौटी, तो सोना पड़ा सुस्त; पढ़ें क्या हो गया ताजा भाव

KK Pathak का शिक्षा विभाग चलाएगा विश्वविद्यालयों के बजट पर कैंची! पेंशन और DA पर हो सकता है बड़ा फैसला

Categories: Bihar News

PK और पारस ने मैदान में नहीं उतारा एक भी कैंडिडेट, फिर भी जारी कर दी 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

May 15, 2024 - 6:07pm

रमण शुक्ला, पटना। 18वीं लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के अजब-गजब कारनामे भी दिख रहे हैं। 14 मई को सातवें एवं अंतिम चरण के लिए नामांकन का दौर समाप्त हो गया। इसके साथ ही इस चुनाव मैदान में वैसे राजनीतिक दल भी सामने आए हैं, जिनके एक भी प्रत्याशी नहीं हैं पर स्टार प्रचारकों की लंबी फेहरिस्त चुनाव आयोग को सौंप दी गई है।

दिलचस्प यह है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर चार सांसद तक बेटिकट हो चुके हैं, फिर भी पार्टी के स्टार प्रचारक उड़ान भर रहे हैं। दूसरी ओर वैसे राजनीतिक दल हैं, जिनके प्रत्याशी कई लोकसभा क्षेत्रों से चुनाव मैदान में उतरे हैं पर उनके पास एक भी स्टार प्रचारक नहीं हैं।

यही नहीं, वैसी भी राजनीतिक पार्टियां हैं जिनको बिहार में सिंबल तो मिल गया पर न तो उनके उम्मीदवार हैं और न ही स्टार प्रचारक।

पशुपति पारस की पार्टी ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में बिना कैंडिडेट के स्टार प्रचारकों की सूची जारी करने वाले राजनीतिक दल में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी है।

इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस हैं। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का एक भी प्रत्याशी 40 लोकसभा क्षेत्रों में कहीं पर भी नहीं लड़ रहा है।

कैंडिडेट नहीं होने के बाद भी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची सौंपी थी।

आयोग ने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के सभी 40 स्टार प्रचारकों को सात चरणों में चुनाव प्रचार करने की अनुमति दे दी है।

पशुपति पारस ने इन्हें बनाया स्टार प्रचारक

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख स्टार प्रचारकों में पशुपति कुमार पारस, सूरजनभान सिंह, अनिल चौधरी, प्रिंस राज, चंदन सिंह, भूषण कुमार ,वीरेश्वर सिंह, रामजी सिंह, एल्विन जोसेफ, श्रवण कुमार अग्रवाल सहित अन्य नेताओं के नाम सम्मिलित हैं।

प्रशांत किशोर की पार्टी ने भी जारी की प्रचारकों की सूची 

दूसरी ओर प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज है। इस पार्टी को भी बिहार के सभी 40 लोकसभा चुनाव क्षेत्रों के लिए सिंबल मिल था। पर, इस पार्टी के न तो एक भी प्रत्याशी मैदान में हैं और नहीं उसके स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है।

बिना प्रत्याशी वाले पार्टियों में जन जनवादी पार्टी है, जिसके स्टार प्रचारकों को सभी सात चरणों में चुनाव प्रचार करने की अनुमति मिल गई है।

कैंडिडेट मैदान में हैं पर स्टार प्रचारक नहीं

रोचक तथ्य यह है कि लोकसभा चुनाव में ऐसी राजनीतिक पार्टियां भी हैं जिनके प्रत्याशी तो विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के मैदान में हैं पर उनके कोई भी स्टार प्रचारक नहीं हैं।

ऐसे में दलों में अखिल भारतीय परिवार पार्टी, दी अग्रणी पार्टी, वज्जिकांचल विकास पार्टी, वाजिब अधिकार पार्टी, भारत जागो जनता पार्टी, अखिल हिंद फारवर्ड ब्लॉक, भारतीय दलित पार्टी, लोकसेवा दल, जनतंत्र आवाज पार्टी, द नेशनल रोडमैप पार्टी ऑफ इंडिया सहित दर्जनों दल हैं, जिनके कैंडिडेट होते हुए भी स्टार प्रचारकों की सूची जारी नहीं की गई है।

यही नहीं, अजब-गजब नाम वाले दल व उनके प्रत्याशी भी जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करार चर्चा में बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें: Patna Smart City: जुलाई में मल्टी मॉडल हब से चलेंगी बसें, मिलेगी 225 कारों की पार्किंग

Anil Kumar Property : बंदूक और रिवाल्वर के शौकीन हैं BSP कैंडिडेट, करोड़ों की है संपत्ति; फिर भी घर के कर्ज में डूबे

Categories: Bihar News

Pages

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar