Feed aggregator

Bihar Election 2025: सीटों को लेकर गठबंधन के दलों के बीच शुरू हुआ मंथन, दोनों तरफ बढ़ सकती है टेंशन

Dainik Jagran - April 1, 2025 - 7:35pm

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा का चुनाव (Bihar Election 2025) अगर निर्धारित समय पर हुआ तो यह अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर में समाप्त होगा। सभी दल समय पर चुनाव की संभावना प्रकट कर रहे हैं, लेकिन दलों की तैयारी बता रही है कि ये किसी भी समय चुनाव के लिए तैयार हैं। इस कारण दोनों बड़े गठबंधन के दलों के बीच लड़ने वाली सीटों को लेकर मंथन शुरू हो गया है।

एनडीए और महा गठबंधन के तीन बड़े दल अपने लिए अधिक सीटों की गारंटी के साथ सहयोगी दलों के लिए इतनी सीटें छोड़ने की रणनीति पर चल रहे हैं, जिनसे असंतोष की संभावना न रहे।

कैसे होगा सीटों का बंटवारा?

आम तौर पर पिछले चुनाव की हार-जीत और घटक दलों की संख्या में कमी-वृद्धि के आधार पर अगले चुनाव में सीटों का बंटवारा होता है। दोनों गठबंधन में इस आधार पर सहमति बनाने की कोशिश हो रही है कि जिस दल की पिछले चुनाव में जितनी सीटें थीं, वह उनके पास रह जाएं।

बची हुई सीटों का बंटवारा जीत की संभावना के अनुमान से किया जाए। जीती हुई सीटों पर किसी गठबंधन में विवाद नहीं है, लेकिन बाकी सीटों का वितरण किस तरह किया जाए, इस पर मंथन चल रहा है।

नए दलों ने बढ़ाई गठबंधनों की टेंशन!

इसमें नए दलों की आमद नया विषय है। एनडीए में लोजपा (रामविलास) के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा इस विधानसभा चुनाव के नए फरीक हैं। उधर, महागठबंधन में वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) का आगमन हुआ है। दोनों गठबंधनों के लिए ये सहयोगी बड़ी समस्या पैदा कर रहे हैं।

पिछले चुनाव में लोजपा स्वतंत्र रूप से 134 सीटों पर लड़ी थी। एक पर जीत हुई और उसके इकलौते विधायक जदयू में समा गए। वीआईपी को एनडीए ने 11 सीटें दी थीं। अब वह महागठबंधन से 60 सीटों की मांग कर रही है। वह 40 से कम पर मान जाएगी, ऐसा नहीं लग रहा है।

2020 में महागठबंधन में कैसे हुआ सीटों का बंटवारा?

2020 में महागठबंधन के दलों के बीच सीटों का बंटवारा इस तरह हुआ था- राजद-144, कांग्रेस-70, भाकपा माले-19, भाकपा-06, माकपा-04। महागठबंधन में मंथन का विषय यह है कि वीआईपी की मांग किस दल के हिस्से में कटौती करके पूरी की जाए।

अगर कांग्रेस 30 और राजद 10 सीट छोड़ दे तो वीआईपी का मुंह भर जाएगा। दूसरी तरफ वाम दलों की ओर से भी कुछ अधिक सीटों की मांग हो रही है।

2020 में एनडीए में कैसे हुआ सीटों का बंटवारा?

2020 में एनडीए में सीटों का बंटवारा आसानी से हो गया था। जदयू के 115, भाजपा के 110, वीआइपी के 11 और हम (हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा) के छह उम्मीदवार मैदान में थे। इस बार लोजपा रा के लिए अधिक हिस्सा निकालने की मांग हो रही है।

यहां इस पर मंथन हो रहा है कि भाजपा और जदयू में पूर्व की कितनी सीटों को छोड़ने पर सहमति बनती है। अगर दोनों दल सौ-सौ सीटों पर राजी हो जाएं तो लोजपा रा, हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा की मांग सम्मानजनक ढंग से पूरी हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Tejashwi Yadav: अमित शाह की यात्रा के बाद तेजस्वी का खुला चैलेंज, बोले- छेड़िएगा तो छोड़ेंगे नहीं

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: अमित शाह की यात्रा के बाद लालू से मिले नीतीश के MLC, चुनाव से पहले बिहार में सियासी हलचल तेज

Categories: Bihar News

आरा तनिष्क और जीवा ज्वेलरी शोरूम लूट के पीछे कौन? पुरुलिया जेल में बंद है मास्टरमाइंड, सामने आई चौंकाने वाली बात

Dainik Jagran - April 1, 2025 - 7:04pm

राज्य ब्यूरो, पटना। दानापुर के जीवा ज्वेलरी शो रूम, भोजपुर और पूर्णिया के तनिष्क में करोड़ों के स्वर्णाभूषणों की लूट की साजिश पुरुलिया जेल में बंद अपराधी शेरू सिंह उर्फ ओंकारनाथ सिंह, उर्फ चंदन सिंह उर्फ प्रिंस ने रची थी।

मंगलवार को एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। इस दौरान एसटीएफ के आइजी, डीआइजी व तीन एसपी सहित जांच में लगी पूरी टीम मौजूद थी।

कुंदन कृष्णन ने बताया कि प्रिंस अभी पुरुलिया जेल में है। जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी। घटना के बाद अब तक इस मामले में तीन आरोपियों का एनकाउंटर हुआ है।

इसमें एक आरोपी चुनमुन झा की मौत हुई है, जबकि दो आरोपी विशाल कुमार और कुणाल कुमार घायल अवस्था में गिरफ्तार हुए हैं। जबकि 13 अन्य आरोपितों को पटना, वैशाली, भोजपुर सहित देश के छह अन्य राज्यों जम्मू, गुडग़ांव (हरियाणा), छत्तीसगढ़, मिर्जापुर (यूपी) व बेंगलुरु (कर्नाटक) में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है।

लूट के 2.5 किलो से अधिक स्वर्ण आभूषण भी बरामद किए जा चुके हैं। एडीजी मुख्यालय ने बताया कि अपराध के बाद अपराधी दूसरे राज्यों में छिपे हुए थे। जिन्हें छापा मार कर गिरफ्तार किया गया।

अब इन आरोपितों की अवैध संपत्ति को जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक 4000 से अधिक पेशेवर अपराधियों और 3000 नक्सलियों का डेटाबेस तैयार किया गया है। जिन्हें लगातार ट्रेस किया जा रहा है।

धर्म व नक्सल के नाम पर कट्टरपंथ फैलाने वाले के लिए बनेगी हाई सिक्योरिटी जेल

पुलिस मुख्यालय के एडीजी कुंदन कृष्णन के अनुसार जेल में रह कर अपराध को अंजाम देने वाले माफिया, धर्म और नक्सल के नाम पर कट्टरपंथ फैलाने वाले अपराधियों के लिए अलग से हाई सिक्योरिटी जेल बनेगी।

दो निर्जन स्थल पर ऐसी जेल बनाने का प्रस्ताव जल्द ही गृह विभाग को भेजा जाएगा। जेल ऐसी रिमोट एरिया में बनेंगे जहां आरोपियों के स्वजनों के पहुंचने की बात छोड़ दें दूर तक नेटवर्क भी नहीं होगा।

माफियाओं को आदर्श मान अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले युवाओं के अभिभावकों से एडीजी ने अपील की कि बच्चों पर ध्यान रखें।

उन्होंने कहा कि लूट कांडों में सर्वाधिक भोजपुर, वैशाली और समस्तीपुर के किशोर-युवाओं की संलिप्तता मिली है।

ऐसे में उनकी आय के स्रोत भी भी अभिवावक नजर रखें। नहीं तो हश्र बुरा होगा। अपराध के पैसे से बनी संपत्ति को भी जब्त करेंगे और ऐसे युवाओं का पूरा भविष्य भी चौपट हो जाएगा।

Categories: Bihar News

Prashant Kishor: चुनाव से पहले पीके ने फिर लिया पीएम मोदी का नाम, बिहार के लोगों से कर दी बड़ी अपील

Dainik Jagran - April 1, 2025 - 6:42pm

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics जन सुराज पार्टी (जसुपा) के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बिहार की उपेक्षा का आरोप लगाया है।

मंगलवार को बयान जारी कर पीके ने कहा कि नरेन्द्र मोदी बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगा रहे हैं।

पूरे देश का पैसा लेकर गुजरात के गांव-गांव में फैक्ट्री लगाई जा रही है और बिहार के लोग वहां मजदूरी करने के लिए विवश हैं।

जनता से उन्होंने पूछा है कि जब वोट आपका है तो फैक्ट्री कहां लगनी चाहिए, गुजरात में या बिहार में? अपील यह कि वोट अपने बच्चों और बिहार के भविष्य के लिए दें।

उन्होंने कहा कि इस बार वोट नेता का चेहरा देखकर नहीं, अपने बच्चों का चेहरा देखकर देना है। वोट जाति-धर्म पर नहीं, शिक्षा और रोजगार के लिए देना है। लालू-नीतीश-मोदी नहीं, बल्कि जनता का राज लाना है।

बिहार बदलों रैली को लेकर जन सुराज पार्टी की बैठक

बता दें कि जन सुराज पार्टी ने 11 अप्रैल को बिहार बदलो रैली" का आयोजन पटना के गांधी मैदान में किया जा रहा है। यह रैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को संवारने का एक संकल्प है।

इसका उद्देश्य जनता को सशक्त बनाना, शासन में पारदर्शिता लाना और राज्य की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस नीति निर्माण को बढ़ावा देना है।

बिहार लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और औद्योगिक विकास की धीमी गति ने राज्य की प्रगति को अवरुद्ध कर रखा है।

एकमा में दर्जनों लोग जनसुराज में हुए शामिल
  • एकमा विधानसभा क्षेत्र के रामपुर बिंदालाल पंचायत के विष्णुपुरा कला गांव निवासी समाजसेवी विकास कुमार सिंह ने अपने सर्मथकों के साथ जन सुराज पार्टी में शामिल हुए।
  • पटना में जनसुराज पार्टी के कार्यालय में पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, अध्यक्ष मनोज भारती, सारण जिलाध्यक्ष बच्चा प्रसाद राय, एकम विधानसभा प्रभारी अशरफ राजा खान के समक्ष वे जन सुराज पार्टी में शामिल हुए।
  • प्रशांत किशोर के साथ आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई तथा जन सुराज पार्टी की तरफ से उन्हें एकमा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने का दायित्व सौंपा गया।
  • मौके पर प्रशांत सिंह, विजय यादव, ओम प्रकाश सिंह, देवेंद्र ओझा, नरेंद्र सिंह, उज्ज्वल सिंह, संदीप सिंह, सुनील यादव एवं सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें-

Prashant Kishor: 'भ्रष्टाचार चरम पर; शराबबंदी फेल', प्रशांत किशोर का नीतीश सरकार पर फिर अटैक

'रोजगार न मिले तो हमारी गर्दन पकड़ियेगा', पूर्णिया में प्रशांत किशोर बोले- हमने 10 CM बनाया और अब बिहार...

Categories: Bihar News

Tejashwi Yadav: अमित शाह की यात्रा के बाद तेजस्वी का खुला चैलेंज, बोले- छेड़िएगा तो छोड़ेंगे नहीं

Dainik Jagran - April 1, 2025 - 6:32pm

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आधारहीन और तथ्यहीन बताया है।

वे आरोप बिहार और लालू-राबड़ी के शासन-काल के संदर्भ में हैं। अपराध से जुड़े आंकड़े गिनाते हुए मंगलवार को प्रेस-वार्ता मेंं तेजस्वी ने कहा कि ये आंकड़े जिस राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के हैं, वह गृह मंत्रालय की अधीनस्थ इकाई है।

तेजस्वी ने कहा- शाह को जवाब देने के लिए हम पर्याप्त

उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ और जुमलेबाजी से बाज आए, अन्यथा तर्कों-तथ्यों के साथ बहस कर ले। लालू प्रसाद को छोड़िए, शाह को उत्तर देने के लिए तेजस्वी ही पर्याप्त हैं।

डबल इंजन की सरकार में शाह कोई ऐसा उदाहरण बताएं, जिसमें बिहार सर्वश्रेष्ठ रहा हो। मोदी सरकार ने गुजरात को कितनी सहायता दी और बिहार को कितनी। शाह सब कुछ सच-सच बताएं, अन्यथा वे छेड़ेंगे तो हम छोड़ने वाले नहीं हैं।

तेजस्वी ने कहा कि जंगलराज से संबंधित पटना हाई कोर्ट की टिप्पणी वस्तुत: पटना नगर निगम के संदर्भ में थी। तब नगर निगम का नेतृत्व भाजपा के पास था।

वह टिप्पणी वस्तुत: भाजपा के कामकाज पर थी, नहीं कि विधि-व्यवस्था और बिहार सरकार के संदर्भ में। गृह मंत्री का दायित्व देश को एकजुट रखने का है, जबकि शाह की सच्चाई सर्वविदित है।

प्रेस वार्ता में दो नेता रहे मौजूद
  • प्रेस-वार्ता में शक्ति सिंह यादव और चित्तरंजन गगन उपस्थित रहे। तेजस्वी ने कहा कि परिवारवाद पर चर्चा करते हुए उन्हें पासवान और मांझी परिवार नहीं दिखता।
  • बिहार मंत्रिमंडल में 50 प्रतिशत चेहरे राजनीतिक परिवार से हैं। आश्चर्यजनक यह कि शाह यह बता रहे कि लालू के भाई-भाभी भी विधायक थे। उनके इस ज्ञान पर क्षोभ है। उन्हें बिहार के बारे में कुछ नहीं पता।
  • जिस जानकी मंदिर के निर्माण की वे बात कर रहे वह तो पहले से अस्तित्व में है। 80 करोड़ से उसके सुंदरीकरण की योजना को मैंने अपने हस्ताक्षर से स्वीकृति दी थी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार की बंद चीनी मिलों को चालू कराने का वादा कर गए थे। शाह उसकी चर्चा नहीं करेंगे। चारा घोटाले की बात होगी, लेकिन सृजन घोटाला के 3000 करोड़ की वसूली कब और कैसे होगी।
  • इसी के साथ उन्होंने महागठबंधन सरकार के दौरान हुए कामकाज और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार में बिहार को मिली सहायता का उल्लेख किया। रेल मंत्री के रूप में लालू के दौर को उपलब्धियों वाला बताया।

यह भी पढ़ें-

रामविलास पासवान की पत्नी के आवेदन पर FIR दर्ज; देवरानी पर घर से बाहर निकालने का लगाया आरोप

Bihar Politics: 'लालू-राबड़ी के राज में 7 चीनी मिलें हो गई थीं बंद', मंगल पांडेय ने RJD को गिनवा डाले सभी के नाम

Categories: Bihar News

Bihar Assembly Election: जेपी से पहले नरेंद्र थे लालू के गुरु? क्लर्क की नौकरी; राबड़ी-राजनीति और रोचक किस्सा

Dainik Jagran - April 1, 2025 - 6:04pm

अजय सिंह, नई दिल्ली/ पटना । "हम सब में से वह अकेला था, जो परिवार के नाम 'राय' का उपयोग नहीं करता था। वह हमेशा लालू राय के स्थान पर लालू यादव लिखता था। यह सब उसके स्कूल के शुरुआती दिनों की बात है। हमारा इस ओर ध्यान भी नहीं गया, जब तक कि उसने राजनीति में नाम कमाना शुरू कर दिया, लेकिन वह जाति का नाम यादव हमेशा अपने नाम के आगे लगाता था।"

वरिष्ठ पत्रकार संकर्षण ठाकुर अपनी किताब 'द ब्रदर्स बिहारी' में लालू यादव के बड़े भाई महावीर यादव के हवाले से लिखते हैं " लालू यादव हम सब भाई-बहनों में वह शुरू से ही खास था। हम सब शुरू से जानते थे कि उसमें कोई ऐसी बात थी, जो हममें से किसी के पास नहीं थी।

दरअसल, लालू यादव जिस इलाके से आते हैं वहां यादव समुदाय के लोग अपना सरनेम राय लिखा करते हैं। लालू यादव के पिता का नाम भी कुंदन राय है। लेकिन बचपन से चालाक लालू अपना सरनेम राय नहीं लिखते हैं। इसके पीछे भी दिलचस्प वाकया है।

फुलवारिया से पटना कैसे पहुंचे लालू यादव?

लालू यादव छोटे से आंगन में एक छोटे से ईंट के टुकड़े से अपनी स्लेट पर कुछ चित्रकारी कर रहे थे कि तभी वहां से फुलवारिया के एक जमींदार गुजरे और लालू पर नजर पड़ते ही कहा- ओहो, देखा एही कलयुग है। अब ई ग्वार का बच्चा भी पढ़ाई-लिखाई करी। बैरिस्टर बनाबे के बा का...

(फोटो: लालू यादव फेसबुक पेज)

लालू यादव के चाचा यदुनंद राय, जो उस समय पटना पशु चिकित्सा महाविद्यालय में ग्वाला का काम करते थे, इस टिप्पणी से इतने तिलमिला गए कि उन्होंने अपने भतीजे को तुरंत पटना ले जाकर पढ़ाई-लिखाई का प्रबंध करने का निर्णय ले लिया।

और यहीं से कुंदन राय के बेटे लालू यादव की सियासी कहानी की शुरुआत होती है। लालू यादव फुलवारिया (गोपालगंज) से पटना आते हैं। वेटनरी कॉलेज में लालू यादव का ठिकाना मिलता है। मिलर स्कूल में स्कूलिंग करते हैं। उसके बाद पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज में दाखिला कराते हैं।

कौन हैं नरेंद्र सिंह जो लालू को छात्र राजनीति में लाए?

 बिहार में उस समय साइंस कॉलेज और बीएन कॉलेज पटना विश्वविद्यालय के बेहतर कॉलेजों में से एक थे। जब तक लालू यादव को बी.एन कॉलेज में प्रवेश मिला, वह विश्वविद्यालय राजनीति का एक गढ़ भी बन चुका था। राममनोहर लोहिया की लीडरशिप में समाजवादी आंदोलन उत्तर भारत के स्कूल-कॉलेजों में तूफान लाने के लिए आतुर था। गैर-कांग्रेसवाद की लहर युवाओं को अपनी तरफ आकर्षित करने लगी थी।

ऐसे में लालू यादव के लिए बीएन कॉलेज में रहकर राजनीति से दूर रह पाना आसान नहीं था। पढ़ाई में कमजोर लालू यादव के लिए राजनीति का ककहरा सीखना आसान था।

इसी बीच, लालू यादव को एक नामी-गिरामी साथी मिलता है। नाम था नरेंद्र सिंह जो कि सोशलिस्ट नेता श्रीकृष्ण सिंह के पुत्र थे। लालू यादव जिस समय पटना यूनिवर्सिटी में पहुंचे थे उस समय नरेंद्र सिंह समाजवादी छात्र कार्यकर्ता के रूप में फेमस हो चुके थे।

कहा जाता है कि वह नरेंद्र सिंह ही थे , जो लालू यादव को राजनीति में लाए। 'नरेंद्र सिंह बताते हैं कि पिछड़ी जाति के छात्रों को राजनीति में लाना चाहता था और उस समय लालू यादव सबसे मुफीद लगे।' लालू यादव का एक किस्सा संकर्षण ठाकुर ने अपनी किताब में नरेंद्र सिंह के हवाले से लिखा है:

मुझे याद है, वे कॉलेज के गलियारे की रेलिंग पर चढ़ गए और अपना गमछा हिला-हिलाकर कुछ ही मिनटों में सैकड़ों छात्रों को इकट्ठा कर लिया।

लालू यादव को क्लर्क की नौकरी कैसे मिली?

लालू यादव के परिवार की आर्थिक हालत बहुत ही बुरी थी। लालू जानते थे कि गांव से पटना पहुंचकर राजनीति करूंगा तो परिवार का खर्च कौन और कैसे चलाएगा? इसलिए एक बार वो पुलिस में बहाल होने की नाकाम कोशिश भी कर चुके थे।

'नरेंद्र सिंह कहते हैं कि एक बार छात्र नेताओं की बैठक थी, लेकिन उस बैठक में लालू यादव नहीं आए। दूसरे दिन जब हमने पूछा कि बैठक में शामिल क्यों नहीं हुए। पहले तो लालू यादव ने छिपाने की कोशिश की लेकिन फिर बताया कि वो पुलिस में भर्ती होना चाहते हैं, लेकिन दौड़ (फिजकल टेस्ट) नहीं निकाल पाए।'

इसी बीच, लालू यादव 1968 और 1969 में पटना विश्वविद्यालय में छात्र महासचिव के पद पर निर्वाचित हुए। लेकिन 1970 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष पद के चुनाव में उनकी करारी हार हो गई। पराजय के बाद लालू यादव टूट चुके थे और छात्र राजनीति को तिलांजलि देने का मन बना चुके थे।

लालू एक बार फिर नौकरी की तलाश में निकल गए। इस बार उन्हें सफलता भी मिल गई और पटना पशु चिकित्सा महाविद्यालय में क्लर्क के पद पर तैनाती हो गई। लालू यादव के परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

अब्दुल गफूर की सरकार और छात्र राजनीति

नौकरी मिलने के बाद लालू यादव के जीवन में राबड़ी देवी का पदार्पण हुआ। साल 1973 में लालू यादव और राबड़ी देवी परिणय सूत्र में बंध गए। लेकिन कहा जाता है कि इंसान का नेचर और सिग्नेचर नहीं बदलता। लालू यादव के साथ भी वही हुआ। हिसाब-किताब में कमजोर लालू को क्लर्क की नौकरी नहीं भायी और एक बार फिर छात्र राजनीति में कूद गए।

1973 में लालू यादव पटना विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गए। भाजपा के दिवंगत नेता सुशील कुमार मोदी उस वक्त महासचिव चुने गए थे। हालांकि, लालू यादव छात्र राजनीति में कोई खास करिश्मा नहीं दिखा पाए। 1974 में अब्दुल गफूर की सरकार ने राज्य के सभी कॉलेजों में छात्र संगठनों की गतिविधियों पर रोक लगा दी। इस घटना के बाद छात्रों में उबाल आ गया।

लालू यादव कैसे और क्यों हुए लापता?

बिहार विधानसभा के घेराव में पुलिस ने छात्रों पर जमकर गोलियां बरसाईं। पटना में कर्फ्यू लगा और कई छात्रों की गिरफ्तारी हुई। हालांकि, लालू यादव पुलिस की गिरफ्त से बच निकले।

संकर्षण ठाकुर अपनी किताब में लिखते हैं कि नरेंद्र सिंह और नीतीश कुमार को चिंता हो रही थी कि लालू यादव को कुछ हो तो नहीं गया? क्योंकि पटना में पुलिस ने जमकर गोलियां बरसाई थीं। लालू यादव गोलीबारी से पहले ही रेलवे ट्रैक पार कर अपने भाई के घर पहुंच गए थे। लालू यादव के भाई वेटनरी कॉलेज में रहते थे।

अंधेरा होने के बाद नीतीश और नरेंद्र जब लालू यादव के भाई के घर पहुंचे तो लालू खाना बनाने में मशगूल थे। दोनों नेताओं को देखते ही लालू यादव बोले

हम त भाग अइली (हम तो भाग निकले)। बहुत बढ़िया मीट बनइले हई, आवा, आवा खा ल (बहुत बढ़िया मीट बनाया है, आप लोग भी खा लो)।

1977 में लालू कैसे पहुंचे छपरा?

पटना में हुई गोलीबारी के बाद छात्रों की क्रांति पूरे राज्य में फैल गई। गफूर सरकार को बर्खास्त करने की मांग उठने लगी। लालू यादव ने जयप्रकाश नारायण से छात्रों के आंदोलन की अगुआई करने की गुहार लगाई। इसी बीच, गया में भी पुलिस ने छात्रों पर बर्बरतापूर्ण ढंग से गोलियां बरसाईं जिसमें आठ लोगों की जान चली गई।

इसके बाद पटना के गांधी मैदान में विशाल रैली हुई। जेपी की अगुआई में पटना ठसाठस भर गया। इतनी भीड़ पटना में एकसाथ कभी नहीं जुटी थी। लालू यादव इस रैली के बाद छात्र राजनेता के रूप में उभरे।

1975 में इमरजेंसी के दौरान लालू यादव की गिरफ्तारी होती है। जेल से बाहर आने के बाद 1977 में छपरा से जनता पार्टी का सिंबल लालू के हाथों में होता है। लालू फुलवरिया से पटना और फिर दिल्ली पहुंच जाते हैं।

Source:

  • The Brothres Bihari: संकर्षण ठाकुर

यह भी पढ़ें: 

74 के क्रांतिकारी नेता का हुआ अस्त, लालू, नीतीश व जीतन राम के मंत्रीमंडल में थे शामिल

क्‍या बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, राजद से दूरी के बाद कन्हैया कुमार बनेंगे तेजस्‍वी की काट?

Categories: Bihar News

Pages

Subscribe to Bihar Chamber of Commerce & Industries aggregator

  Udhyog Mitra, Bihar   Trade Mark Registration   Bihar : Facts & Views   Trade Fair  


  Invest Bihar